
CJP Sansad March LIVE: नीट पेपर लीक को लेकर मचा बवाल अभी तक नहीं थमा है। आज संसद में मॉनसून सत्र का आगाज हुआ। इस दौरान कॉकरोच जनता पार्टी आज संसद भवन तक मार्च कर रही है। इस दौरान देशभर से हजारों की संख्या में छात्र और उनके परेंट्स एकत्रित हो गए हैं। कॉकरोच जनता पार्टी के इस मार्च को रोकने के लिए पुलिस ने कई जगहों पर बैरिकेडिंग भी कर दी है। आइए जानते हैं इस कॉकरोच जनता पार्टी के इस मार्च से जुड़ा हर अपडेट
संसद के मॉनसून सत्र के पहले दिन सोमवार को विपक्षी सदस्यों ने विभिन्न मुद्दों को लेकर हंगामा किया जिसके कारण राज्यसभा की बैठक पांच बार के स्थगन के बाद दोपहर करीब ढाई बजे पूरे दिन लिए स्थगित कर दी गई। हंगामे की वजह से उच्च सदन में शून्यकाल और प्रश्नकाल नहीं हो सके।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि नयी दिल्ली जिले में सुरक्षा व्यवस्था दोगुनी कर दी गई है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अर्द्धसैनिक बलों की अतिरिक्त कंपनियों तथा आस-पास के जिलों के पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया है।
सोनम वांगचुक और कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के दिल्ली के जंतर-मंतर पर आयोजित प्रदर्शन के समर्थन में सोमवार को नागपुर में सैकड़ों छात्रों, युवाओं और बुजुर्गों ने प्रदर्शन किया और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की।
कॉन्स्टिट्यूशन क्लब के पास प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए सुरक्षा बलों द्वारा लाठीचार्ज और आंसू गैस का इस्तेमाल करने से अफरातफरी का माहौल बन गया।
राष्ट्रीय राजधानी के जंतर-मंतर पर कथित परीक्षा अनियमितताओं और शिक्षा सुधारों को लेकर चल रहे आंदोलन के बीच केंद्र सरकार ने सोमवार को कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) से बातचीत शुरू की। वहीं, ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा) के तीन छात्र नेताओं ने 23 दिन से जारी आमरण अनशन समाप्त कर दिया।
कॉजपा (CJP) के प्रदर्शनकारी संसद मार्च के दौरान भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के पास पहुंच गए, जहां उन्होंने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोकने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई।
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शनकारी मार्च करते हुए रेल भवन तक पहुंच गए हैं, जिसके चलते सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए संसद भवन का मेन गेट बंद कर दिया गया है। इलाके में भारी पुलिस बल तैनात है और स्थिति पर कड़ी नज़र रखी जा रही है।
CJP के संसद मार्च को देखते हुए संसद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए कई स्तरों की बैरिकेडिंग की गई है और संसद के मुख्य गेट बंद कर दिए गए हैं। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए दमकल की गाड़ियां और पानी के टैंकर भी तैनात किए गए हैं।
सीजेपी के संसद मार्च की वजह से एहतियात के तौर पर जनपथ, पटेल चौक, राजीव चौक, केंद्रीय सचिवालय और सेवा तीर्थ मेट्रो स्टेशनों में प्रवेश पर रोक लगा दी गई है। गेट बंद किए जाने के कारण कई यात्री मेट्रो स्टेशनों के अंदर ही फंसे रहे। सुरक्षा में किसी भी तरह की चूक को रोकने के लिए मध्य दिल्ली में भारी संख्या में पुलिस और अर्द्धसैनिक बल तैनात हैं।
राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि सरकार छात्रों के लिए संवेदनशील नहीं है। अगर आपको परीक्षा करानी नहीं आती है तो आप यह जिम्मेदारी किसी और को दीजिए। आज छात्रों पर लाठीचार्ज हुआ तो यह लोकतंत्र पर हमला है। चंदा चोरी भी हमारा मुद्दा है। करोड़ों रुपए की लूट हो रही है। प्रधानमंत्री मोदी को इसकी जिम्मेदारी लेनी चाहिए।
संसद मार्च के दौरान शास्त्री भवन के पास हालात तनावपूर्ण हो गए। प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए सुरक्षा बलों ने आंसू गैस के गोले छोड़े। इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के हजारों प्रदर्शनकारियों ने सोमवार को संसद की ओर मार्च के दौरान सुरक्षा अवरोधकों को कथित तौर लांघने की कोशिश की जिसके बाद सुरक्षा बलों ने संसद मार्ग के पास लाठीचार्ज किया।सूत्रों के मुताबिक, घटना के बाद 10 से 15 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया।
हाथ में तिरंगा और धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग वाले प्लेकार्ड लिए प्रदर्शनकारियों का जनसैलाब जंतर-मंतर से संसद की ओर बढ़ा। मार्च निकलने के बाद भी प्रदर्शनकारी भारी तादाद में जुड़ते रहे। जंतर-मंतर से निकलकर ये मार्च जयसिंह मार्ग होते हुए संसद मार्ग पहुंची, जहां पुलिस ने उन्हें रोक दिया। पुलिस ने लाउडस्पीकर पर प्रदर्शनकारियों को सूचित किया कि उन्हें इससे आगे जाने की इजाजत नहीं है।
उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने दिल्ली में पेपर लीक के विरोध में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों और युवाओं पर हुए कथित लाठीचार्ज की कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि पेपर लीक के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे देश के भविष्य, यानी छात्रों और युवाओं पर बर्बरतापूर्वक लाठीचार्ज किया जाना बेहद शर्मनाक और दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार युवाओं को रोजगार देने में विफल रही है और अब उनके अधिकारों तथा आवाज़ को बल प्रयोग के जरिए दबाने का प्रयास कर रही है।
जंतर-मंतर पर CJP के विरोध मार्च के लिए जमा हुए प्रदर्शनकारियों की RPF कर्मियों से झड़प हुई। भीड़ को काबू करने के लिए RPF कर्मियों और पुलिस ने लाठियों का इस्तेमाल किया।
Oops! Looks like you have exceeded the limit to bookmark the image. Remove some to bookmark this image.