What is Borax: वजन घटाने की चाह में लड़की ने खा लिया बोरेक्स, हो गई मौत, क्या है ये और कहां होता है उपयोग

What is Borax: सोशल मीडिया पर बताए गए वेट लॉस नुस्खे ने 19 साल की कॉलेज छात्रा की जान ले ली। बोरेक्स जैसे जहरीले केमिकल का सेवन शरीर के लिए घातक है। यह घटना चेतावनी है कि बिना मेडिकल सलाह वायरल हेल्थ टिप्स अपनाना जानलेवा हो सकता है।

Priya Shandilya
पब्लिश्ड21 Jan 2026, 02:38 PM IST
वजन घटाने के चक्कर में खा लिया बोरेक्स, चली गई जान (सांकेतिक तस्वीर)
वजन घटाने के चक्कर में खा लिया बोरेक्स, चली गई जान (सांकेतिक तस्वीर)

What is Borax: आजकल वजन घटाने के लिए लोग सोशल मीडिया पर दिखाए जा रहे हर नुस्खे पर भरोसा करने लगे हैं। कोई रील, कोई यूट्यूब वीडियो और बिना सोचे-समझे अपनाया गया तरीका, कभी-कभी जानलेवा साबित हो जाता है। हाल ही में तमिलनाडु में एक कॉलेज छात्रा ने यूट्यूब वीडियो देखकर ‘वेंकारम’ यानी बोरेक्स का सेवन किया और उसकी जान चली गई। यह घटना दिखाती है कि बिना वैज्ञानिक जानकारी के किसी भी पदार्थ का सेवन कितना जानलेवा हो सकता है।

क्या है पूरा मामला?

19 वर्षीय कलैयारसी वेल मुरुगन (51) और विजयलक्ष्मी की पुत्री थी और वह नरिमेडु स्थित एक प्रमुख निजी महिला कॉलेज में पढ़ाई कर रही थी। वह सेलूर के मीनाम्बलपुरम इलाके की कामराज क्रॉस स्ट्रीट में रहती थी। पुलिस के अनुसार, वजन कुछ ज्यादा होने के कारण कलैयारसी अक्सर वजन घटाने से जुड़े उपाय तलाशती रहती थी। पिछले सप्ताह उसने ‘वजन घटाने और छरहरी काया के लिए वेंकारम’ शीर्षक वाला एक यूट्यूब वीडियो देखा और 16 जनवरी को कीझामासी स्ट्रीट के थर्मुट्टी इलाके के पास स्थित दवा की एक दुकान से यह पदार्थ खरीदा।

शुरुआत में उल्टी-दस्त, फिर हालत बिगड़ती चली गई

बोरेक्स का सेवन करने के कुछ ही घंटों बाद कलैयारसी को उल्टी और दस्त शुरू हो गए। परिवार उसे एक निजी अस्पताल ले गया, जहां शुरुआती इलाज के बाद घर भेज दिया गया। लेकिन शाम होते-होते उसकी हालत फिर बिगड़ गई। तेज पेट दर्द, मल में खून और लगातार उल्टी-दस्त के बाद उसे दूसरे अस्पताल ले जाया गया। रात करीब 11 बजे स्थिति बेहद गंभीर हो गई और सरकारी अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया है। सेलूर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बोरेक्स क्या है?

ईटीवी भारत ने हैदराबाद स्थित यशोदा हॉस्पिटल्स के कंसल्टेंट फिजिशियन और डायबेटोलॉजिस्ट डॉ. हरि किशन बूरुगु के हवाले से बोरेक्स के बारे में विस्तृत जानकारी दी। डॉ हरि कहते हैं, "बोरेक्स एक केमिकल पदार्थ है जिसका इस्तेमाल साफ-सफाई और इंडस्ट्रियल कामों में होता है। इसे किसी भी रूप में इंसानों द्वारा खाने के लिए नहीं बनाया गया है। वजन घटाने या सेहत सुधारने में बोरेक्स मदद करता है, इस दावे का कोई भी वैज्ञानिक सबूत नहीं है।"

बोरेक्स एक केमिकल पदार्थ है, जिसे सोडियम टेट्राबोरेट भी कहा जाता है। इसका इस्तेमाल साफ-सफाई, डिटर्जेंट, कीटनाशक और इंडस्ट्रियल कामों में किया जाता है।

शरीर के अंदर क्या करता है ये जहर

बोरेक्स बेहद जहरीला होता है। थोड़ी मात्रा भी लीवर और किडनी को नुकसान पहुंचा सकती है। यह पेट की अंदरूनी परत को जला देता है, जिससे अल्सर, खून की उल्टी और गंभीर दस्त हो सकते हैं। ज्यादा मात्रा में यह दिमाग और नर्वस सिस्टम पर असर डालता है, जिससे दौरे, बेहोशी और मल्टी-ऑर्गन फेल्योर तक हो सकता है। इसे बेकिंग सोडा समझ लेना एक जानलेवा गलती साबित हो सकती है।

सोशल मीडिया नुस्खों से पहले सोचिए

यह घटना एक बड़ी चेतावनी है। सोशल मीडिया पर दिखने वाले हेल्थ और वेट लॉस टिप्स बिना डॉक्टर की सलाह अपनाना बेहद खतरनाक हो सकता है। वजन घटाने के लिए सुरक्षित रास्ता वही है, जो मेडिकल साइंस और एक्सपर्ट्स बताते हैं न कि वायरल वीडियो।

Get Latest real-time updates

Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.

बिजनेस न्यूज़ट्रेंड्सWhat is Borax: वजन घटाने की चाह में लड़की ने खा लिया बोरेक्स, हो गई मौत, क्या है ये और कहां होता है उपयोग
More
बिजनेस न्यूज़ट्रेंड्सWhat is Borax: वजन घटाने की चाह में लड़की ने खा लिया बोरेक्स, हो गई मौत, क्या है ये और कहां होता है उपयोग