
Hardik Pandya Flag Complaint: भारत ने टी20 वर्ल्ड कप जीतकर इतिहास रच दिया और पूरे देश में जश्न का माहौल बन गया। लेकिन इसी जीत के उत्साह के बीच भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या को लेकर एक नया विवाद खड़ा हो गया है।
दरअसल, वर्ल्ड कप फाइनल के बाद हुए जश्न के दौरान तिरंगे के कथित अपमान का आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए कुछ वीडियो के आधार पर यह शिकायत की गई है, जिसमें दावा किया गया कि हार्दिक ने जश्न के दौरान राष्ट्रीय ध्वज का सही सम्मान नहीं किया।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह शिकायत पुणे में वकील वाजिद खान बिडकर ने दर्ज कराई है। उन्होंने यह आवेदन शिवाजी नगर पुलिस स्टेशन में दिया, जिसमें आरोप लगाया गया कि टी20 वर्ल्ड कप फाइनल के बाद मैदान पर हुए जश्न के दौरान हार्दिक पंड्या ने तिरंगे के साथ ऐसा व्यवहार किया जो राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा के खिलाफ है।
वर्ल्ड कप फाइनल जीतने के बाद पूरी टीम इंडिया मैदान पर तिरंगा लहरा रही थी। हार्दिक पंड्या भी जीत के नशे में चूर थे और उन्होंने तिरंगे को अपने कंधों पर लपेटा हुआ था। वकील वाजिद खान बिडकर द्वारा पुणे के शिवाजी नगर पुलिस स्टेशन में दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, पंड्या ने जश्न के दौरान तिरंगे की गरिमा का ख्याल नहीं रखा।
शिकायत में कहा गया है कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में हार्दिक तिरंगे को शरीर पर लपेटकर नाचते हुए और बाद में उसी स्थिति में मंच पर लेटे हुए दिखाई दे रहे हैं। वकील का तर्क है कि यह कृत्य 'प्रिवेंशन ऑफ इन्सल्ट्स टू नेशनल ऑनर एक्ट, 1971' की धारा 2 का उल्लंघन है। शिकायतकर्ता का कहना है कि इस कानून के तहत राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान को बनाए रखना जरूरी है और अगर किसी भी तरह से उसका अपमान होता है तो उस पर कानूनी कार्रवाई हो सकती है।
वकील वाजिद खान ने बताया कि जब वे शिकायत दर्ज कराने पहुंचे, तो शुरुआत में पुलिस ने अधिकार क्षेत्र (Jurisdiction) का हवाला दिया। क्योंकि यह घटना अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में हुई थी, इसलिए पुलिस ने पूछा कि शिकायत वहां दर्ज होनी चाहिए। हालांकि शिकायतकर्ता ने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज पूरे देश का प्रतीक है, इसलिए शिकायत कहीं भी दर्ज की जा सकती है। बाद में पुलिस ने आवेदन स्वीकार कर लिया और उसकी एक कॉपी भी दे दी।
फिलहाल इस पर आगे क्या कार्रवाई होगी, इस बारे में पुलिस ने कोई विस्तृत जानकारी नहीं दी है। मामले की जांच या कानूनी प्रक्रिया को लेकर अभी स्पष्ट स्थिति सामने नहीं आई है।
यह विवाद तब सामने आया है जब हार्दिक पंड्या अपने करियर के सबसे बेहतरीन दौर में हैं। 2026 के इस वर्ल्ड कप में उन्होंने बल्ले और गेंद दोनों से कमाल किया। उन्होंने टूर्नामेंट में कुल 9 विकेट झटके। बल्ले से दो शानदार अर्धशतक लगाए, जिसमें नामीबिया के खिलाफ सिर्फ 28 गेंदों में 52 रनों की पारी शामिल थी। वे आईसीसी (ICC) की 'टीम ऑफ द टूर्नामेंट' में चुने गए चार भारतीयों में से एक हैं।
जीत के बाद स्टार स्पोर्ट्स से बात करते हुए हार्दिक ने भावुक होकर कहा था, "यह जीत मेरे लिए खुद से किए गए वादे को पूरा करने जैसी है। मैंने 2024 की जीत के बाद खुद से वादा किया था कि मैं टीम को अजेय बनाऊंगा। यह तो बस शुरुआत है।"
हार्दिक भले ही विवादों में हों, लेकिन टीम इंडिया ने इस जीत के साथ कई रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। रविवार को हुए मैच में भारत ने टी20 वर्ल्ड कप फाइनल में न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर शानदार जीत दर्ज की। इस जीत के साथ ही भारतीय टीम ने एक बड़ा इतिहास भी रच दिया। भारत अपने घरेलू मैदान पर टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाली पहली टीम बन गया। इसके अलावा टीम ने लगातार दूसरी बार ट्रॉफी जीतकर नया रिकॉर्ड बनाया। भारत इससे पहले 2007, 2024 और अब 2026 में टी20 वर्ल्ड कप जीत चुका है, जिससे वह तीन बार यह खिताब जीतने वाला पहला देश बन गया।
Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.