Crude Oil Price Today: अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तेल बाजार में बड़ी हलचल देखने को मिल रही है। पश्चिम एशिया में अमेरिका-ईरान के बीच शांति समझौता के संकेत मिलने के बाद निवेशक सतर्कता अपना रहे हैं। सोमवार, 25 मई को कच्चे तेल की कीमते दो सप्ताह के निचले स्तर पर आ गईं। हालांकि, दोनों देश स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पर नाकाबंदी सहित प्रमुख मुद्दों पर एक-दूसरे से असहमत रहे, जिससे मिडिल ईस्ट से कच्चे तेल की सप्लाई बाधित होती रही। आज के शुरुआती कारोबार में ब्रेंट कच्चा तेल की कीमत 5.08% लुढ़ककर 98.28 डॉलर प्रति बैरल पर आ गई, जबकि वेस्ट टेक्सेस इंटरमीडिएट (WTI) 5.29% टूटकर 91.49 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना-चांदी महंगा
वहीं, अंतरराष्ट्रीय बजार में सोने की कीमतों में 1 प्रतिशत का उछाल दर्ज किया गया। यह तेजी डॉलर की कमजोरी और कच्चे तेल की कीमतों में भारी गिरावट की वजह से आई। सोमवार को स्पॉट गोल्ड की कीमत 1.4% उछलकर 4,570.88 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई, जबकि जून की कॉन्ट्रैक्ट डिलीवरी वाला अमेरिकी गोल्ड फ्यूचर्स 1.1% मजबूत होकर 4,572.90 डॉलर प्रति औंस पर आ गया। वहीं, स्पॉट चांदी की कीमत 3.9% उछलकर 78.42 डॉलर प्रति औंस पर आ गई।
अगर दूसरी कमोडिटी की बात करें, तो प्लैटिनम का दाम 1.9% बढ़कर 1,959.85 डॉलर हो गया, जबकि पैलेडियम का भाव भी 1.09% चढ़कर 1,373.25 डॉलर हो गया।
अमेरिका-ईरान शांति वार्ता
बता दें कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप कहा था कि अमेरिका और ईरान के बीच एक शांति समझौते पर बड़े पैमाने पर बातचीत कर ली है, जिसमें होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलने का मुद्दा भी शामिल है। हालांकि, रविवार को ट्रंप ने अपने प्रतिनिधियों को ईरान के साथ कोई भी डील करने में जल्दबाजी नहीं करने की सलाह दी। ऐसे में ट्रंप प्रशासन ने तत्काल किसी शांति समझौते की उम्मीदों को कम कर दिया।