Cyclone Montha: चक्रवात 'मोंथा' की रफ्तार घटी, पर खतरा बरकरार, इन राज्यों में अलर्ट जारी

Cyclone Montha: चक्रवात ‘मोंथा’ आंध्र तट से टकराने के बाद कमजोर पड़ चुका है, लेकिन इसके असर से आंध्र प्रदेश, ओडिशा, तेलंगाना, झारखंड और बंगाल में भारी बारिश जारी है। कई इलाकों में पेड़ गिरे, बिजली आपूर्ति बाधित हुई और प्रशासन हाई अलर्ट पर है।

Priya Shandilya
अपडेटेड29 Oct 2025, 02:38 PM IST
चक्रवात मोंथा की रफ्तार हुई कम, लेकिन अभी भी जारी है अलर्ट
चक्रवात मोंथा की रफ्तार हुई कम, लेकिन अभी भी जारी है अलर्ट(Livehindustan)

Cyclone Montha Update: जब मौसम अचानक करवट लेता है, तो सबसे पहले जनजीवन हिलता है। चक्रवात 'मोंथा' ने भी कुछ ऐसा ही किया, आंध्र प्रदेश के तट से टकराने के बाद इसकी रफ्तार थोड़ी कम जरूर हुई है, लेकिन असर पूरे देश में फैल रहा है। कहीं पेड़ गिर रहे हैं, कहीं बिजली गुल है, और कई राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी है।

मोंथा का केंद्र

मंगलवार को मोंथा ने आंध्र प्रदेश और यानम के तटीय हिस्सों में लैंडफॉल किया। मछलीपट्टनम और कलिंगपट्टनम के बीच इसका केंद्र रहा। शुरुआत में हवा की रफ्तार 100–110 kmph तक पहुंची, जिससे अमलापुरम जैसे इलाकों में पेड़ और बिजली के खंभे गिर गए। स्थानीय प्रशासन ने राहत और मरम्मत का काम शुरू कर दिया है।

कई राज्यों में भारी बारिश की संभावना

IMD ने चेतावनी जारी की है कि आंध्र प्रदेश, ओडिशा और तेलंगाना में अगले कुछ दिनों तक मूसलाधार बारिश देखने को मिलेगी। इसके अलावा छत्तीसगढ़, झारखंड, कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल में भी भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

आंध्र प्रदेश में तबाही

आंध्र प्रदेश के अमलापुरम इलाके में ‘मोंथा’ के असर से कई पेड़ उखड़ गए और बिजली के खंभे टूट गए। स्थानीय प्रशासन ने रेस्क्यू और मरम्मत कार्य शुरू कर दिया है। अधिकारियों के मुताबिक, जल्द से जल्द बिजली बहाल करने और सड़कों से मलबा हटाने का काम चल रहा है।

झारखंड में 30–31 अक्टूबर तेज बारिश के आसार

मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, रांची, सिमडेगा, गुमला, लोहरदगा, रामगढ़, हजारीबाग जैसे जिलों में आज बुधवार को भारी बारिश की संभावना है। गुरुवार को संथाल परगना के हिस्सों में बहुत भारी बारिश की संभावना है। साथ ही गिरिडीह, कोडरमा, बोकारो, खूंटी, दुमका, गोड्डा, पाकुड़, साहेबगंज में 30–31 अक्टूबर को बारिश का अलर्ट जारी है।

ओडिशा में मौसम में सुधार

चक्रवात के गुजरने के बाद ओडिशा का मौसम धीरे-धीरे सामान्य होने लगा है। गोपालपुर समुद्र तट, जहां कुछ दिन पहले तक समुद्र उफान पर था, अब फिर से सैलानियों से गुलजार हो गया है। हालांकि, प्रशासन ने सुरक्षा के लिहाज से समुद्र तट पर निगरानी बढ़ा दी है।

बंगाल में तीन दिन बारिश

कोलकाता और दक्षिण बंगाल के जिलों में शुक्रवार तक तेज बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। गुरुवार तक पुरुलिया, बीरभूम, मुर्शिदाबाद और पश्चिम बर्दवान की तरफ बारिश बढ़ने की उम्मीद है। उत्तर बंगाल के जिलों जैसे जलपाईगुड़ी, कलिमपोंग, कूचबिहार, दार्जिलिंग और अलीपुरद्वार में शुक्रवार को भारी से बहुत भारी बारिश और तेज हवाओं के लिए यलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

तेलंगाना में हाई अलर्ट

तेलंगाना के सड़क, भवन और सिनेमेटोग्राफी विभाग के मंत्री कोमाटिरेड्डी वेंकट रेड्डी ने चक्रवात 'मोंथा' के कारण हुई भारी बारिश के बाद राज्य भर में सड़क और भवन विभाग को हाई अलर्ट पर रखा है। मंत्री कोमाटिरेड्डी वेंकट रेड्डी ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि पुलों और संवेदनशील इलाकों में चेतावनी बोर्ड लगाएं और पुलिस, बिजली, सिंचाई विभाग के साथ मिलकर काम करें।

Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.

बिजनेस न्यूज़ट्रेंड्सCyclone Montha: चक्रवात 'मोंथा' की रफ्तार घटी, पर खतरा बरकरार, इन राज्यों में अलर्ट जारी
More
बिजनेस न्यूज़ट्रेंड्सCyclone Montha: चक्रवात 'मोंथा' की रफ्तार घटी, पर खतरा बरकरार, इन राज्यों में अलर्ट जारी
OPEN IN APP