Cyclone Shakti: महाराष्ट्र और गुजरात में साइक्लोन शक्ति का अलर्ट, दार्जिलिंग में धंसे पहाड़, जानिए मौसम का हाल

Cyclone Shakti Latest Update: गुजरात के कच्छ में खाड़ी और उसके आसपास अरब सागर में बना कम दबाव का क्षेत्र अब चक्रवाती तूफान बन गया है। श्रीलंका ने इसे साइक्लोन शक्ति नाम दिया है। महाराष्ट्र में 7 अक्तूबर तक साइक्लोन शक्ति को लेकर अलर्ट जारी किया गया है।

Jitendra Singh( विद इनपुट्स फ्रॉम लाइवमिंट.कॉम)
अपडेटेड6 Oct 2025, 06:48 AM IST
Cyclone Shakti Latest Update: इस साल के मानसून सीजन का पहला साइक्लोन अरब सागर में उठा है।
Cyclone Shakti Latest Update: इस साल के मानसून सीजन का पहला साइक्लोन अरब सागर में उठा है। (Livemint)

Cyclone Shakti Latest Update: अरब सागर में उठा साइक्लोन शक्ति अब 'गंभीर' तूफान का रूप ले चुका है। मौसम विभाग ने इसके प्रभाव से तटीय इलाकों में गरज के साथ मूसलाधार बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी दी है। मौसम विभाग ने मुंबई, ठाणे, पालघर, रायगढ़, रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग समेत कई तटीय जिलों और इससे सटे जिलों में अलर्ट जारी किया है। इस दौरान हवा की गति 45-55 किमी प्रति घंटे के बीच रह सकती है। हवा की रफ्तार 65 किमी और इससे ज्यादा भी हो सकती है।

मौसम विभाग का 7 अक्टूबर तक अलर्ट

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने महाराष्ट्र, गुजरात, तमिलनाडु (चेन्नई) और उत्तर भारत के राज्यों दिल्ली, बिहार, हिमाचल के लिए अलर्ट जारी किया है, जहां तूफानी हवाएं चल सकती हैं। भारी बारिश की आशंका जताई गई है। भारी बारिश से होने से तटीय इलाकों में बाढ़ आने का खतरा भी मंडरा रहा है। महाराष्ट्र के मुंबई, पुणे, ठाणे आदि में 7 अक्टूबर तक 45 से 65 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

मछुआरों और लोगों के लिए IMD ने दी सलाह

गुजरात में द्वारका, जामनगर, सूरत में भी समुद्र में ऊंची-ऊंची लहरें उठ रही हैं और तूफानी हवाएं चल सकती हैं। वहीं भारी बारिश होने की भी अलर्ट है, जिसके चलते IMD ने मछुआरों को उत्तर-पश्चिमी अरब सागर, उससे सटे उत्तर-पूर्वी अरब सागर, मध्य अरब सागर और गुजरात-उत्तरी महाराष्ट्र तटों पर न जाने की सलाह दी है। लोगों को समुद्र तटों से काफी दूर रहने को कहा गया है। वहीं तूफान का असर दिल्ली तक देखने का मिला। मौसम विभाग ने दिल्ली में 6 अक्टूबर को भारी बारिश होने का अनुमान लगाया है, जिससे राजधानी में प्री-विंटर सीजन शुरू हो सकता है।

ओमान में साइक्लोन शक्ति एक्टिव

मौसम विभाग के अनुसार, चक्रवात लगभग 250 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व में रास अल हद्द (ओमान) और 300 किलोमीटर पूर्व में मसिराह (ओमान) के पास एक्टिव है। यह चक्रवात सोमवार 6 अक्टूबर की सुबह तक पश्चिम-दक्षिण-पश्चिम दिशा में बढ़ता रहेगा। इसके बाद धीरे-धीरे कमजोर होगा। फिर यह रास्ता बदलकर लगभग पूर्व की ओर मुड़ेगा, जो पश्चिमी मध्य अरब सागर (WC) और इसके आसपास के उत्तर-पूर्वी अरब सागर (NE AS) क्षेत्रों को प्रभावित करेगा। इस दौरान ये और भी कमजोर पड़ता जाएगा। मौसम विशेषज्ञों ने ओमान तटवर्ती इलाकों और आसपास के क्षेत्रों में सतर्कता बरतने की सलाह दी है।

यह भी पढ़ें | आजादी के पहले बनी बोरोलीन का जलवा आज भी है बरकरार

दार्जलिंग में हालत खराब

पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग में भारी बारिश तबाही मची हुई है। कई जगह लैंड स्लाइड की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। NDRF की टीमें राहत और बचाव कार्य में जुटी हुई हैं। मौसम विभाग (IMD) ने दार्जिलिंग और कलिम्पोंग सहित उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल में 6 अक्टूबर तक अत्यधिक भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है।

जानिए दिल्ली में आज कैसा रहेगा मौसम का हाल

मौसम विभाग के मुताबिक, 6 अक्टूबर को दिल्ली-एनसीआर में सुबह बादलों और हल्की धुंध से दिन की शुरुआत होगी। दोपहर तक गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। पश्चिमी विक्षोभ और मानसून की जोड़ी के चलते तेज हवाएं (30-50 किमी/घंटा) चलेंगी। कहीं-कहीं ओले गिरने का खतरा भी है। इस दौरान अधिकतम तापमान 31-32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22-25 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। मौसम सुहाना रहेगा, गर्मी और उमस से निजात मिलेगी।

यह भी पढ़ें | बारिश के बाद बर्फबारी का अलर्ट! जानिए आज कैसा रहेगा दिल्ली से बिहार तक का मौसम

उत्तर प्रदेश में बारिश और ओले गिरने की आशंका

उत्तर प्रदेश में अब मौसम का मिजाज बड़ा खतरा बनकर सामने आ रहा है। मौसम विभाग ने 6 अक्टूबर को पश्चिमी यूपी में ओलावृष्टि (ओले गिरने) का अलर्ट जारी किया है। सहारनपुर, मेरठ, मुरादाबाद समेत 9 जिलों में ओले गिरने की आशंका जताई है। इससे खड़ी फसलों को भारी नुकसान हो सकता है। इसके अलावा, 13 जिलों के लिए भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, हापुर, बुलंदशहर, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, संभल, बदायूं, में बारिश हो सकती है।

जानिए बिहार में मौसम का हाल

बिहार में 6 अक्टूबर को मध्यम से लेकर भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। मधुबनी, सुपौल, पूर्णिया, मधेपुरा, सहरसा, अररिया और किशनगंज में तो तेज आंधी के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा बेगूसराय, समस्तीपुर, दरभंगा समेत अधिकांश जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। येलो अलर्ट का मतलब है मौसम कभी भी बिगड़ सकता है।

Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.

बिजनेस न्यूज़ट्रेंड्सCyclone Shakti: महाराष्ट्र और गुजरात में साइक्लोन शक्ति का अलर्ट, दार्जिलिंग में धंसे पहाड़, जानिए मौसम का हाल
More
बिजनेस न्यूज़ट्रेंड्सCyclone Shakti: महाराष्ट्र और गुजरात में साइक्लोन शक्ति का अलर्ट, दार्जिलिंग में धंसे पहाड़, जानिए मौसम का हाल