सावधान! भारतीय खा रहे जरूरत से दोगुना नमक, WHO की चेतावनी के बीच बढ़ रहा है हार्ट अटैक और स्ट्रोक का खतरा

भारतीय अपनी डाइट में तय सीमा से दोगुना नमक ले रहे हैं। WHO के अनुसार यह आदत हार्ट और किडनी के लिए खतरनाक है। नमक कम करने और सेहतमंद रहने के आसान तरीके यहां जानें।

Naveen Kumar Pandey
अपडेटेड12 Jan 2026, 04:01 PM IST
भारतीय दोगुनी मात्रा में खाते हैं नमक (सांकेतिक तस्वीर)
भारतीय दोगुनी मात्रा में खाते हैं नमक (सांकेतिक तस्वीर)(Pexels)

विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) की हालिया रिपोर्ट भारत के लिए चिंता का विषय बनी हुई है। रिपोर्ट के अनुसार, एक औसत भारतीय हर दिन अपनी जरूरत से कहीं ज्यादा नमक का सेवन कर रहा है। यह आदत धीरे-धीरे शरीर को अंदर से खोखला कर रही है और गंभीर बीमारियों को न्योता दे रही है।

जरूरत 5 ग्राम की और हम खा रहे 11 ग्राम

WHO का कहना है कि एक स्वस्थ व्यक्ति को दिन भर में सिर्फ 5 ग्राम नमक खाना चाहिए। इसके उलट, भारत में एक व्यक्ति हर दिन औसतन 11 ग्राम नमक खा रहा है। नमक की यह भारी मात्रा शरीर में 'साइलेंट किलर' की तरह काम कर रही है। इससे न केवल ब्लड प्रेशर बढ़ रहा है, बल्कि हार्ट और किडनी से जुड़ी बीमारियों का खतरा भी कई गुना बढ़ गया है।

ज्यादा नमक से नुकसान दिखने में हो जाती है देर

अत्यधिक नमक खाने से होने वाला नुकसान तुरंत नजर नहीं आता। लोग अक्सर यह सोचकर बेफिक्र रहते हैं कि वे स्वस्थ हैं, लेकिन यह क्षति अदृश्य रहती है। जब तक शरीर में लक्षण साफ तौर पर उभरते हैं, तब तक काफी देर हो चुकी होती है। नमक का सीधा असर हमारे गुर्दों और हृदय पर पड़ता है, जिससे हार्ट को जरूरत से ज्यादा मेहनत करनी पड़ती है।

सिर्फ किचन नहीं, इन चीजों से भी पहुंच रहा एक्स्ट्रा नमक

ज्यादातर लोग मानते हैं कि वे खाने में ऊपर से नमक नहीं लेते, इसलिए सुरक्षित हैं। हकीकत यह है कि हमारी थाली में नमक सिर्फ सब्जी या दाल से नहीं आता। अचार, पापड़, चटनी और बाहर के पैकेज्ड फूड में नमक की मात्रा बहुत ज्यादा होती है। रेस्टोरेंट का खाना और प्रोसेस्ड स्नैक्स शरीर में सोडियम का लेवल तेजी से बढ़ा देते हैं।

40 की उम्र पार कर चुके लोगों को ज्यादा खतरा

40 साल से अधिक उम्र के लोग और जिनकी लाइफस्टाइल में शारीरिक मेहनत कम है, उनके लिए नमक जहर समान हो सकता है। पैकेज्ड फूड पर निर्भर रहने वाले शहरी लोगों में इसका जोखिम सबसे ज्यादा देखा गया है। इसके अलावा, क्षेत्रीय खान-पान की आदतें, जिनमें नमक और मसालों का ज्यादा प्रयोग होता है, इस स्वास्थ्य संकट को बढ़ा रही हैं।

भारीपन और थकान जैसे लक्षणों को न करें नजरअंदाज

अगर आपको अक्सर शरीर में भारीपन महसूस होता है या बिना वजह सिरदर्द रहता है, तो यह ज्यादा नमक का संकेत हो सकता है। बेवजह की थकान और पैरों में आने वाली सूजन भी शरीर में बढ़े हुए सोडियम के स्तर को दर्शाती है। यह बढ़ता नमक आपकी हड्डियों को भी कमजोर कर सकता है और शरीर में पानी के संतुलन को बिगाड़ देता है।

स्वाद से समझौता किए बिना कैसे घटाएं नमक?

नमक कम करने का मतलब बेस्वाद खाना बिल्कुल नहीं है। आप धीरे-धीरे नमक की मात्रा कम करके अपनी जीभ को इसके अनुसार ढाल सकते हैं। स्वाद बढ़ाने के लिए नमक के बजाय नींबू का रस, लहसुन, करी पत्ता, धनिया और अन्य प्राकृतिक मसालों का उपयोग करें। खाने की मेज पर ऊपर से नमक लेने की आदत छोड़ें और पैकेट बंद चीजों से दूरी बनाएं।

'हिडन सॉल्ट' को पहचानें: अचार, पापड़ और चटनी को रोजाना की थाली से हटाकर कभी-कभार (हफ्ते में एक बार) के लिए रखें। इनमें सबसे ज्यादा नमक होता है।

फूड लेबल पढ़ें: बाजार से कोई भी पैकेट बंद चीज (ब्रेड, सॉस या नमकीन) खरीदते समय उसके पीछे 'Sodium' की मात्रा चेक करें। जिस प्रोडक्ट में सोडियम कम हो, उसे ही चुनें।

नेचुरल फ्लेवर का इस्तेमाल: दाल या सब्जी में नमक कम डालें और स्वाद बढ़ाने के लिए उसमें नींबू, ताजा अदरक, लहसुन या काली मिर्च का ज्यादा इस्तेमाल करें।

ध्यान रहे, आहार में बदलाव रातों-रात नहीं, बल्कि धीरे-धीरे किए जाने चाहिए ताकि आपकी स्वाद ग्रंथियां (taste buds) इसके अभ्यस्त हो सकें।

स्वास्थ्य संबंधी अन्य खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें।

Disclaimer: यह लेख सिर्फ जानकारी के लिए है। स्वास्थ्य संबंधी कोई भी निर्णय प्रमाणित चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य विशेषज्ञों के सुझाव के आधार पर ही लें। आपके किसी भी कार्य या निर्णय के लिए मिंट हिंदी तनिक भी उत्तरदायी नहीं है।

Get Latest real-time updates

Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.

बिजनेस न्यूज़ट्रेंड्ससावधान! भारतीय खा रहे जरूरत से दोगुना नमक, WHO की चेतावनी के बीच बढ़ रहा है हार्ट अटैक और स्ट्रोक का खतरा
More
बिजनेस न्यूज़ट्रेंड्ससावधान! भारतीय खा रहे जरूरत से दोगुना नमक, WHO की चेतावनी के बीच बढ़ रहा है हार्ट अटैक और स्ट्रोक का खतरा