Delhi Air Pollution: देश की राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण की वजह से हालात बेहद खराब हो गए हैं। ऐसे में प्रदूषण को मात देने के लिए रेखा गुप्ता सरकार ने 50 फीसदी वर्क फ्रॉम होम (WFH) सिस्टम लागू कर दिया था। अब सरकार ने इस सख्ती से लागू करने के आदेश दिए हैं। सभी सरकारी और निजी सभी कार्यालयों में आधे वर्कफोर्स पर काम करने का आदेश दिया गया था। दिल्ली के श्रम मंत्री कपिल मिश्रा ने बुधवार को कहा कि प्रदूषण से निपटने से संबंधित चरणबद्ध प्रतिक्रिया कार्य योजना (ग्रैप) के तीसरे और चौथे चरण से प्रभावित निर्माण मजदूरों को 10-10 हजार रुपये का मुआवजा दिया जाएगा।
एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि GRAP III 16 दिनों से लागू था, और इस दौरान पाबंदियों की वजह से प्रभावित होने वाले मजदूरों को 10,000 रुपये का मुआवजा दिया जाएगा। इसके साथ ही मंत्री ने चेतावनी दी है कि अगर WFH के नियम का उल्लंघन होता है, तो कार्रवाई भी की जा सकती है। हेल्थ केयर अस्पताल, फायर, जेल, सार्वजनिक परिवहन जैसी सुविधाएं पर यह नियम लागू नहीं होगा।
प्रदूषण को देखते हुए दिल्ली सरकार के दो बड़े निर्णय
1. निर्माण कार्य रुकने से प्रभावित सभी रजिस्टर्ड और वेरिफाइड निर्माण मजदूरों के खातों में ₹ 10,000 DBT होंगे।
2. दिल्ली के सभी सरकारी व प्राइवेट दफ्तरों में 50% वर्क फ्रॉम होम मैंडेटरी, स्वास्थ्य जैसी आवश्यक सेवाओं के लिए छूट।
AAP पर साधा निशाना
बढ़ते प्रदूषण पर दिल्ली में आम आदमी पार्टी ने बीजेपी सरकार को घेरने की कोशिश की। इसको लेकर मंत्री कपिल मिश्रा ने विपक्षी दल आप को घेरा। उन्होंने कहा, “अरविंद केजरीवाल हर साल एक महीने की छुट्टी पर क्यों भाग जाते थे, बताएं? आज जब एक महिला मुख्यमंत्री लगातार काम कर रही हैं तो उनके साथ बदसलूकी करा रहे हैं। ये दिल्ली की जनता और पंजाब की जनता देख रही है और इसका जवाब देगी।”
दिल्ली की AQI बहुत खराब
दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स बुधवार को 329 पर बहुत खराब कैटेगरी में बना रहा, जिससे पिछले तीन दिनों से राजधानी में छाए गंभीर प्रदूषण से कुछ सुधार हुआ है। सेंट्रल पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड (CPCB) के मुताबिक, दिल्ली भर के सभी मॉनिटरिंग स्टेशनों पर सुबह 7 बजे AQI गंभीर रेंज से नीचे था, कुछ इलाकों में यह खराब ज़ोन में रिकॉर्ड किया गया।