Delhi Airport: राजधानी दिल्ली में ठंड और कोहरे के कारण कई उड़ानें प्रभावित हुई हैं। शुक्रवार तड़के दिल्ली में घना कोहरा छाया, जिससे विजिबिलिटी काफी कम हो गई। इसका सीधा असर इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट (IGI Airport) पर देखने को मिला, जहां फ्लाइट ऑपरेशंस प्रभावित हुए। हालात को देखते हुए दिल्ली एयरपोर्ट ने यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी की है।
CAT III ऑपरेशन्स लागू
एयरपोर्ट अथॉरिटी की ओर से जारी एडवाइजरी में बताया गया कि बेहद कम विजिबिलिटी के चलते एयरपोर्ट पर CAT III ऑपरेशंस लागू किए गए हैं। इस वजह से फ्लाइट्स में देरी और कुछ मामलों में शेड्यूल में बदलाव देखने को मिल सकता है। एयरपोर्ट ने यात्रियों से अपील की है कि सफर से पहले अपनी फ्लाइट का स्टेटस जरूर चेक करें।
यात्रियों के लिए एयरपोर्ट की अपील
दिल्ली एयरपोर्ट ने साफ कहा है कि ग्राउंड स्टाफ सभी टर्मिनलों पर यात्रियों की मदद के लिए मौजूद है। एयरपोर्ट प्रशासन ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि रियल-टाइम अपडेट के लिए अपनी-अपनी एयरलाइंस से संपर्क में रहें। साथ ही यात्रियों से असुविधा के लिए खेद भी जताया गया है।
सुबह 4 बजे फिर जारी हुई चेतावनी
सुबह करीब 4 बजे एक और एडवाइजरी जारी की गई, जिसमें बताया गया कि घने कोहरे के कारण फ्लाइट ऑपरेशंस अभी भी CAT III कंडीशन में चल रहे हैं। अधिकारियों ने दोहराया कि सभी संबंधित एजेंसियों के साथ मिलकर यात्रियों को जरूरी सहायता दी जा रही है।
पिछले कुछ दिनों से दिल्ली में कोहरा और स्मॉग लगातार फ्लाइट ऑपरेशंस को प्रभावित कर रहे हैं। कई एयरलाइंस को शेड्यूल एडजस्ट करना पड़ा है, वहीं यात्रियों को देरी का सामना करना पड़ रहा है।
एयरलाइंस ने जारी की ट्रैवल एडवाइजरी
दिल्ली में घने कोहरे को देखते हुए IndiGo, Air India, Air India Express और SpiceJet जैसी कई एयरलाइंस ने भी अपने यात्रियों के लिए ट्रैवल एडवाइजरी जारी की है।
क्या होता है CAT III ऑपरेशन?
CAT III यानी Category III Instrument Landing System एक खास तकनीक है, जिसकी मदद से बेहद कम विजिबिलिटी में भी विमान लैंड कर सकते हैं। हालांकि हर पायलट और हर विमान को इसकी अनुमति नहीं होती, इसलिए ऐसे हालात में देरी होना आम बात है। भारत में दिल्ली समेत सिर्फ छह एयरपोर्ट ऐसे हैं, जहां CAT III सर्टिफाइड रनवे मौजूद हैं।