
Delhi Pollution: दिल्ली में मौसम और प्रदूषण दोनों ने मिलकर हालात बिगाड़ दिए हैं। हवा लगातार जहरीली बनी हुई है और तापमान भी गिर गया है। दिल्ली की वायु गुणवत्ता शनिवार को लगातार दूसरे दिन भी ‘बहुत खराब’ श्रेणी में रही और 16 निगरानी केंद्रों ने एक्यूआई ‘गंभीर श्रेणी’ में दर्ज किया। इसके साथ ही न्यूनतम तापमान गिरकर 9.7 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जो इस मौसम का अब तक का सबसे कम तापमान है।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) द्वारा जारी शाम चार बजे के बुलेटिन के अनुसार, शनिवार को 24 घंटे का औसत एक्यूआई 386 रहा, जो ‘बहुत खराब’ श्रेणी में आता है।
शहर के कई इलाकों में जहरीली हवा का दौर जारी रहा। CPCB के समीर ऐप के अनुसार, बवाना में सबसे ज्यादा AQI 443 दर्ज किया गया, जबकि वजीरपुर में 434 दर्ज किया गया।
भारतीय उष्णदेशीय मौसम विज्ञान संस्थान (IITM) पुणे की रिपोर्ट के मुताबिक, दिल्ली के प्रदूषण में पराली जलाने की हिस्सेदारी 16.3% रही, जबकि वाहनों से होने वाला उत्सर्जन सबसे ज्यादा 18.3% रहा।
हवा में धूल और धुएं के छोटे‑छोटे कण ही दिल्ली की खराब हवा की सबसे बड़ी वजह बने रहे। रिपोर्ट के मुताबिक, हवा में मौजूद PM10 (धूल जैसे बड़े कण) और PM2.5 (धुएं जैसे बेहद छोटे कण) ही सबसे बड़े प्रदूषक बने रहे।
इस बीच, भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, शहर में शनिवार को इस मौसम का अब तक का सबसे कम न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.8 डिग्री कम 9.7 डिग्री सेल्सियस रहा। अधिकतम तापमान सामान्य से 1.9 डिग्री कम 26.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
IMD के आंकड़ों के अनुसार, पिछले साल नवंबर का सबसे कम तापमान 29 नवंबर को 9.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जबकि 2023 में यह 23 नवंबर को 9.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
राजधानी में तीन दिन से जारी ‘गंभीर’ वायु गुणवत्ता का सिलसिला शुक्रवार को समाप्त हो गया तथा समग्र वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 387 रहा जो ‘बहुत खराब’ श्रेणी में है।
CPCB के अनुसार, शून्य से 50 के बीच AQI को ‘अच्छा’, 51-100 को ‘संतोषजनक’, 101-200 को ‘मध्यम’, 201-300 को ‘खराब’, 301-400 को ‘बहुत खराब’ और 401-500 को ‘गंभीर’ माना जाता है।
उपग्रह से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, गुरुवार को पंजाब में पराली जलाने की 104, हरियाणा में 24 और उत्तर प्रदेश में 129 घटनाएं हुईं।
इसने रविवार को हल्का कोहरा रहने तथा तापमान 25 डिग्री सेल्सियस (अधिकतम) और 10 डिग्री सेल्सियस (न्यूनतम) के आसपास रहने का पूर्वानुमान व्यक्त किया है।
Oops! Looks like you have exceeded the limit to bookmark the image. Remove some to bookmark this image.