
Red Fort Blast: दिल्ली के लाल किले मेट्रो स्टेशन के बाद हुए कार ब्लास्ट में 10 लोगों की मौत हो गई है और कई लोग घायल हो गए। चश्मदीदों ने बताया कि धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि कई मीटर दूर तक उसकी गूंज सुनाई दी। धमाके के बाद पीएम मोदी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से फोन पर बात की और स्थिति का जायजा लिया।
उसके बाद अमित शाह ने कहा कि आज शाम लगभग 7 बजे, दिल्ली में लाल किले के पास सुभाष मार्ग ट्रैफ़िक सिग्नल पर एक हुंडई i20 गाड़ी में विस्फोट हुआ। इस विस्फोट में कुछ पैदल यात्री घायल हो गए और कुछ वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। प्रारंभिक रिपोर्टों से संकेत मिलता है कि कुछ लोगों की जान चली गई है। विस्फोट की सूचना मिलने के 10 मिनट के भीतर, दिल्ली क्राइम ब्रांच और दिल्ली स्पेशल ब्रांच की टीमें घटनास्थल पर पहुंच गईं।
NSG और NIA की टीमों ने FSL के साथ मिलकर अब गहन जांच शुरू कर दी है। आसपास के सभी CCTV कैमरों की जांच के आदेश दिए गए हैं। मैंने दिल्ली के पुलिस आयुक्त और विशेष शाखा प्रभारी से भी बात की है। दिल्ली के पुलिस आयुक्त और विशेष शाखा प्रभारी घटनास्थल पर मौजूद हैं। हम सभी संभावनाओं पर विचार कर रहे हैं और सभी संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए गहन जांच करेंगे। सभी विकल्पों की तुरंत जांच की जाएगी और हम परिणाम जनता के सामने प्रस्तुत करेंगे। धमाके में घायल हुए लोगों से मिलने के लिए गृहमंत्री अमित शाह लोक नायक अस्पताल पहुंचे और वहां पर दिल्ली पुलिस आयुक्त सतीश गोलचा और अन्य अधिकारियों के साथ बैठक की।
इसके अलावा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने धमाके में मरने वाले के परिजनों के प्रति संवेदना जाहिर की। उन्होंने कहा कि आज शाम दिल्ली में हुए विस्फोट में अपनों को खोने वालों के प्रति मेरी संवेदनाएं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। प्रभावित लोगों की सहायता अधिकारी कर रहे हैं। गृह मंत्री अमित शाह जी और अन्य अधिकारियों के साथ स्थिति की समीक्षा की।
Oops! Looks like you have exceeded the limit to bookmark the image. Remove some to bookmark this image.