Rekha Gupta News: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर उनके आवास पर आयोजित साप्ताहिक जन सुनवाई के दौरान हमले की कोशिश की गई। ये घटना उस समय हुई जब मुख्यमंत्री आम जनता की समस्याएं सुन रही थीं।
सीएम रेखा गुप्ता पर हमले को लेकर बीजेपी ने बताया कि जन सुनवाई के दौरान मुख्यमंत्री आवास, सिविल लाइन्स में एक अप्रिय घटना हुई, जिसमें एक शख्स ने सीएम पर जानलेवा हमला किया। इस घटना को लेकर दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि ये बेहद दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। मुख्यमंत्री पूरे दिल्ली का नेतृत्व करती हैं, और मेरा मानना है कि ऐसी घटनाओं की जितनी निंदा की जाए, उतनी कम है। लेकिन यह घटना महिलाओं की सुरक्षा को भी उजागर करती है। अगर दिल्ली की मुख्यमंत्री ही सुरक्षित नहीं हैं, तो आम आदमी या आम महिला की सुरक्षा की क्या गारंटी है?
कैसे सीएम के करीब पहुंचा आरोपी?
सीएम रेखा गुप्ता पर जानलेवा हमला करने वाले आरोपी की पहचान राजेश भाई खिमजी के रूप में हुई है, जो गुजरात के राजकोट का निवासी है, जिसकी उम्र लगभग 41 वर्ष बताई जा रही है। एक चश्मदीद के अनुसार, राजेश पहले अपनी समस्या बताने के बहाने आया था, लेकिन अचानक उसने मुख्यमंत्री का हाथ खींचा और थप्पड़ मारने की कोशिश की। इस अप्रत्याशित हमले के दौरान मुख्यमंत्री के सिर पर मेज़ या कुर्सी के किसी हिस्से से चोट भी लग गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
हालांकि, अभी तक हमले के पीछे की मंशा या कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। बता दें कि रेखा गुप्ता को इससे पहले भी जान से मारने की धमकी मिल चुकी थी, जिससे उनकी सुरक्षा को लेकर पहले ही चिंता जताई जा रही थी। इस घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियों में हलचल मच गई है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। विपक्ष ने इस घटना को लेकर सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं, वहीं आम जनता में भी चिंता का माहौल है।