Delhi School News: दिल्ली के शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने गुरुवार को कहा कि दिल्ली सरकार आने वाले पांच वर्षों में सभी सरकारी स्कूलों का कायाकल्प कर देगी। आशीष सूद ने आज यहां लाजपत नगर में दिल्ली नगर निगम के स्कूल में बैग वितरण समारोह में कहा कि हमारे नन्हे विद्यार्थियों के बीच होना मेरे लिए गर्व का विषय है।
स्वयं एक सरकारी स्कूल में पढ़े होने के कारण यह मेरे लिए घर वापसी जैसा है। आज हम जो ये बैग दे रहे हैं, ये केवल किताबें रखने के लिए नहीं हैं, बल्कि इनमें बच्चों के सपने हैं जो उन्हें उज्ज्वल भविष्य की ओर ले जाएंगे। हमारे शिक्षक, जो सबसे योग्य हैं, वे इन बच्चों के भविष्य को आकार देने और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में अहम भूमिका निभा रहे हैं।
बदल जाएगी तस्वीर
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली सरकार आने वाले पांच वर्षों में सभी सरकारी स्कूलों को इस स्तर तक बदल देगी कि आने वाली पीढ़ियां इन स्कूलों में प्रवेश लेने के लिए सिफारिश करवाएंगी।
श्री सूद ने शिक्षकों से आह्वान किया कि वे शिक्षा क्षेत्र में बदलाव लाने के लिए अधिक से अधिक योगदान दें। उन्होंने बताया कि दिल्ली के सरकारी स्कूलों में आवश्यक सुधारों के लिए सरकार कई स्तरों पर काम कर रही है। सरकार दिल्ली के सभी स्कूलों को एआई-सक्षम शिक्षा, उच्च गुणवत्ता वाले फर्नीचर और आधुनिक उपकरणों वाली कक्षाओं से निर्मित कर रही है, जो नई शिक्षा नीति के अनुरूप है।उन्होंने कहा कि चाहे निगम स्कूल हों या दिल्ली सरकार के स्कूल, सभी को उन्नत, आधुनिक और विश्वस्तरीय संस्थानों में बदलने के लिए सीएसआर फंड का उपयोग किया जाएगा।