Delhi CJP Protest Today: देश की राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी ने आज फिर से दूसरे दिन धरना प्रदर्शन का ऐलान किया है। अभिजीत दीपके की अनुपस्थिति में आजिंक्य शिंदे अगुवाई कर रहे हैं। इधर पुलिस ने जंतर-मतर पर प्रदर्शन की मंजूरी नहीं दी है। इससे आज फिर से कल की तरह सख्ती बरती जा सकती है। ऐसे में दिल्ली की लाइफ लाइन कही जाने वाली मेट्रो ट्रेन पर सबकी निगाहें टिकी हुई है। सबसे बड़ा सवाल यही है कि आज मेट्रो बंद रहेगी या खुला रहेगी।
दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने शनिवार, 10 अक्टूबर को भीड़ के आवागमन को लेकर दिल्ली पुलिस के अनुरोध पर कई स्टेशनों पर पाबंदियां लगाई थीं। फिलहाल दिल्ली मेट्रो की ओर से लागू पाबंदियां हटा दी गईं हैं। दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने शनिवार, 10 अक्टूबर की रात सभी मेट्रो स्टेशनों के एंट्री और एग्जिट गेट खोलने का ऐलान किया। इसके साथ ही प्रभावित स्टेशनों पर इंटरचेंज सुविधा भी बहाल कर दी गई है। ऐसे में रविवार, 11 अक्टूबर को यात्री मेट्रो से सफर कर सकते हैं।
45 मेट्रो स्टेशनों पर लगाई गई थीं पाबंदियां
CJP के प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली पुलिस के अनुरोध पर DMRC ने 45 मेट्रो स्टेशनों के एंट्री और एग्जिट गेट बंद किए थे। यह पाबंदी 9 अक्टूबर की रात 9 बजे से लागू हुई थी। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए पहले इन गेट को शाम 6 बजे तक खोलने की योजना थी, लेकिन बाद में पाबंदी की अवधि बढ़ाकर रात 10 बजे तक कर दी गई।
राजीव चौक से कश्मीरी गेट तक प्रभावित हुए यात्री
पाबंदियों के दायरे में दिल्ली के कई प्रमुख मेट्रो स्टेशन आए थे। इनमें राजीव चौक, केंद्रीय सचिवालय, पटेल चौक, जनपथ, मंडी हाउस, आईटीओ और कश्मीरी गेट जैसे स्टेशन शामिल थे। नई दिल्ली मेट्रो स्टेशन पर इंटरचेंज सुविधा को लेकर भी विशेष प्रतिबंध था। अब DMRC के मुताबिक सभी प्रभावित स्टेशनों पर इंटरचेंज सुविधा बहाल कर दी गई है।
क्यों लगाई गई थीं पाबंदियां?
CJP ने 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन का आह्वान किया था। प्रदर्शन के दौरान भीड़ की आवाजाही और संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए दिल्ली पुलिस ने मेट्रो स्टेशनों पर प्रतिबंध लगाने का अनुरोध किया था। इसी के बाद DMRC ने प्रभावित स्टेशनों पर प्रवेश और निकास सीमित कर दिया था।
आज मेट्रो से सफर करने से पहले क्या करें?
DMRC की ताजा जानकारी के मुताबिक, सभी मेट्रो स्टेशनों के गेट खुले हैं और इंटरचेंज सुविधा भी बहाल है। हालांकि, प्रदर्शन से जुड़े सुरक्षा इंतजामों के कारण यात्रियों को सलाह दी जाती है कि वे सफर शुरू करने से पहले DMRC की आधिकारिक जानकारी और किसी नए ट्रैवल अलर्ट की जांच कर लें।