
Delhi NCR Rain Video: दिल्ली-एनसीआर के लोगों के आज राहत भरी सुबह हो रही है। राजधानी के कई इलाकों में तड़के से बारिश होनी शुरू हो गई है। वहीं कुछ इलाकों में, तो बादलों के गरजने और बिजली का भी सिलसिला जारी है। दिल्ली-NCR के मौसम में आए इस बदलाव से राजधानी के लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने पहले ही राष्ट्रीय राजधानी में रविवार को हल्की बारिश और तेज हवाएं चलने का अनुमान जताया था, जो आज सुबह सच हो गया है। आईएमडी ने आज के लिए दिल्ली में 'येलो अलर्ट' जारी किया है। राजधानी में शनिवार को न्यूनतम तापमान में मामूली गिरावट देखी गई। इसके अलावा, दिल्ली में अगले कुछ दिनों में तापमान में और गिरावट आने का भी अनुमान है।वहीं आईएमडी ने आज सुबह से दिल्ली में 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार वाली तेज हवाएं चलने का पूर्वानुमान जताया है। इससे तापमान में और अधिक गिरावट आने की संभावना है।
'स्काईमेट वेदर' के मौसम विज्ञान एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के उपाध्यक्ष महेश पलावत ने कहा कि पश्चिमी हिमालय की ओर बढ़ रहे पश्चिमी विक्षोभ के कारण मध्य पाकिस्तान और उससे सटे पंजाब तथा हरियाणा के ऊपर चक्रवाती गतिविधि विकसित हो गई है। इसके प्रभाव से पंजाब, हरियाणा और दिल्ली के कुछ हिस्सों में अगले दो दिनों के दौरान बारिश होने की संभावना है। यह इस मौसम की पहली मानसून-पूर्व बारिश मानी जा रही है, जो सामान्य से लगभग 10 दिन पहले आ रही है।
पलावत ने कहा कि पश्चिमी विक्षोभ और पिछले कुछ दिन से शहर में अनुभव किए जा रहे अधिक तापमान के संयोजन से यह तूफान आगे बढ़ा है।मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, सोमवार तक न्यूनतम तापमान के 14-16 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान के 31-33 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.