Delhi NCR Rain Alert: दिल्ली-एनसीआर में दिनभर की धूप के बाद शाम होते ही मौसम बदल गया और कई इलाकों में झमाझम बारिश स्टार्ट हो गई। नजफगढ़, उत्तम नगर, द्वारका जैसे इलाकों में आंधी के साथ अचानक बारिश ने दस्तक दी है। बारिश की वजह से मौसम सुहावना हो गया है।
मौसम विभाग ने पहले ही राजधानी में 'येलो अलर्ट' जारी करते हुए गरज के साथ हल्की बारिश की संभावना जताई थी। मौसम विभाग के अनुसार, दिन में बाद में शहर के कुछ स्थानों पर गरज के साथ हल्की बारिश हो सकती थी। आज एक बार फिर से मौसम विभाग का पूर्वानुमान सच साबित हुआ है।
आईएमडी के वैज्ञानिक डॉ. शशि कांत ने कहा कि पिछले 24 घंटों से पश्चिमी विक्षोभ देखा जा रहा है। इसके चलते उत्तरी भारतीय राज्यों जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में गरज के साथ बारिश की संभावना है। मैदानी इलाकों में दिन के दौरान आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश हो सकती है। पूरे क्षेत्र में तापमान में 2 डिग्री की गिरावट की उम्मीद है। दिल्ली में पिछले 24 घंटों में तापमान 39 से 42 डिग्री के बीच दर्ज किया गया, जिसमें अधिकतम तापमान 41.4 डिग्री रहा। यह सामान्य से 2-4 डिग्री अधिक है. आज उत्तर-पश्चिम भारत में गर्मी से राहत मिलने की संभावना है। मध्य भारत में अगले 3 दिनों तक लू की स्थिति बनी रह सकती है, जिसके बाद मौसम में बदलाव आएगा।
आज कितना रहा अधिकतम तापमान?
आईएमडी ने बताया कि शहर में न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम का अब तक का सबसे अधिक है, जबकि अधिकतम तापमान लगभग 39 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है।
मौसम वैज्ञानिकों ने मौजूदा परिस्थितियों की व्याख्या करते हुए कहा कि बादल छाए रहने का कारण राजस्थान के पश्चिमी हिस्सों तथा पड़ोसी देश पाकिस्तान के ऊपर उत्पन्न चक्रवाती परिसंचरण है।उन्होंने कहा कि इन क्षेत्रों से धूल के कण दिल्ली-एनसीआर की ओर आ रहे हैं, जिसके चलते हवा में धूल की परत और वायु गुणवत्ता में गिरावट दर्ज की गई है।
अगले दो दिनों में पारा होगा 42 के पार
स्काईमेट के महेश पलावत ने कहा अगले दो से तीन दिनों में दिल्ली-एनसीआर तथा उत्तर-पश्चिम भारत में तापमान में और वृद्धि होने की आशंका है, जो संभवतः 41 से 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है और कुछ क्षेत्रों में उष्ण लहर की स्थिति उत्पन्न कर सकता है।