Aaj Ka Mausam Kaisa Rahega: दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत में अब कड़ाके की ठंड पड़ने वाली है। हाथ पैर जमा देने वाली इस ठंड की शुरुआत सुबह कोहरे के साथ होगी और दिन में ठंडी हवाएं चलेंगी। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार दिन और रात के तापमान में भारी गिरावट आ सकती है। वहीं चक्रवात दितवाह की वजह से चेन्नई, तिरुवल्लूर, चेंगलपट्टू और कांचीपुरम में लगातार तेज बारिश हो रही है। इसके अलावा पहाड़ों पर आज और कल बर्फबारी के साथ ही बारिश की भी संभावना है।
दिल्ली में आज छा सकता है हल्का कोहरा
दिल्ली-एनसीआर में आज मौसम बदलने वाला है। प्रदूषण के धुंध के बीच आज से कोहरा भी छाने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार कुछ इलाकों में शीतलहर जैसी स्थिति भी बन सकती है। वहीं आज राजधानी का न्यूनतम तापमान 5 से 7 डिग्री के बीच रह सकता है।
यूपी-बिहार में आज कैसा रहेगा मौसम
दिल्ली से सटे यूपी-बिहार में शीत लहर का प्रकोप देखने को मिल रहा है। शाम होते-होते ठंड अपना असर दिखाने लगती है और रात को तो पारा काफी अधिक गिर जाता है। इस वजह से लोग रात को घरों से कम ही बाहर निकल रहे हैं। आज आगरा, टूंडला, इटावा, कानपुर, बाराबंकी और मुजफ्फरनगर सहित कई जिलों में शीतलहर चल सकती है।
वहीं बिहार में आज दिन की शुरुआत कोहरे के साथ होगी। मौसम विभाग ने पटना, गोपालगंज, सारण, भोजपुर, बेतिया, बक्सर, भागलपुर, दरभंगा, मधुबनी, हाजीपुर, पूर्णिया, गया और अररिया सहित कई जिलों में कोहरे की चेतावनी जारी की गई है।
पहाड़ों पर हिमपात की संभावना
पहाड़ों पर मौसम सैलानियों के लिए काफी अच्छा हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार 4-5 दिसंबर को पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा और हल्की बारिश भी हो सकती है। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड दोनों ही राज्यों के पर्वतीय इलाकों में आज बर्फबारी होने की संभावना है।