
Delhi Protest: देश की राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में अब धरना-प्रदर्शन करना महंगा पड़ सकता है। जंतर-मंतर को निर्धारित प्रदर्शन स्थल की लिस्ट हटा दिया गया है। इसके बाद दिल्ली पुलिस ने रामलीला मैदान, बुराड़ी मैदान और पूर्वी दिल्ली के CBD ग्राउंड को नए प्रदर्शन स्थलों के रूप में तय किया है। इन जगहों पर प्रदर्शन की योजना बना रहे संगठनों के लिए बुकिंग अब किसी चुनौती से कम नहीं है। इसलिए सबसे अहम सवाल है कि मैदान की बुकिंग कैसे होगी, कितना खर्च आएगा और तारीख कब मिल सकती है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, रामलीला मैदान की एक दिन की बुकिंग के लिए शुरुआती रकम करीब ₹1.21 लाख तक पहुंच सकती है। वहीं अन्य दो मैदान भी धरना-प्रदर्शन करने वालों की जेब ढीली कर देंगे। यानी अगर कोई बेरोजागर अपनी मांगों को लेकर धरना प्रदर्शन करना चाहता है तो उसे मोटी रकम खर्च करना पड़ेगा।
मध्य दिल्ली में स्थित रामलीला मैदान में एक दिन की बुकिंग का किराया 50,000 रुपये है। इसके अलावा 55,000 रुपये सुरक्षा राशि के तौर पर जमा करना होगा। यह रकम बाद में वापस मिल सकती है। टैक्स मिलाकर शुरुआत में करीब 1.21 लाख रुपये खर्च करना होगा। करीब 12 एकड़ में फैले इस मैदान में 50,000 लोग इकट्ठा हो सकते हैं। हालांकि, अधिकारियों के मुताबिक, मैदान का एक छोटा हिस्सा फ्री में प्रदर्शन के लिए उपलब्ध है। लेकिन वहां सिर्फ 150 लोगों के बैठने की जगह है।
रिपोर्ट के मुताबिक, 2026 में रामलीला मैदान पर प्रदर्शन के लिए 29, 30 और 31 दिसंबर की तारीखें ही उपलब्ध हैं। यानी साल के बाकी हिस्से में प्रदर्शन आयोजित करने की योजना बना रहे संगठनों के सामने तारीखों की कमी बड़ी चुनौती हो सकती है। रामलीला मैदान की बुकिंग दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के बागवानी विभाग के जरिए होती है। इसके लिए पहले दिल्ली पुलिस से अनापत्ति प्रमाण पत्र यानी एनओसी लेना जरूरी है।
साल 1930 तक यहां एक तालाब था, जिसे भरकर मैदान बनाया गया। साल 1932 में यहां रामलीला की शुरुआत हुई। धीरे-धीरे यह मैदान देश की राजनीति का बड़ा केंद्र बन गया। जवाहरलाल नेहरू, इंदिरा गांधी, जयप्रकाश नारायण और अटल बिहारी वाजपेयी जैसे नेताओं ने यहां जनसभाएं कर चके थे। साल 1975 में आपातकाल की घोषणा वाले दिन भी यहां बड़ी रैली हुई थी। साल 2013 में अरविंद केजरीवाल ने इसी मैदान में दिल्ली के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी।
उत्तर-पश्चिम दिल्ली में स्थित बुराड़ी मैदान को निरंकारी मैदान के नाम से भी जाना जाता है। यहां बड़ी संख्या में लोग धरना प्रदर्शन कर सकते हैं। इसका क्षेत्रफल रामलीला मैदान से काफी बड़ा है। यहां बुकिंग शुल्क सामान्य तौर पर ₹3,000 से ₹5,000 प्रति एकड़ के बीच लगता है। हालांकि, यह दर किस तरह के आयोजन और किन शर्तों पर लागू होगी, इसकी पुष्टि बुकिंग से पहले संबंधित प्रशासन से करना जरूरी है।
पूर्वी दिल्ली के शाहदरा क्षेत्र में स्थित CBD ग्राउंड को भी नए प्रदर्शन स्थलों में शामिल किया गया है। यह मैदान व्यावसायिक आयोजनों, मेलों और शादी जैसे कार्यक्रमों के लिए इस्तेमाल होता रहा है। यहां धरना प्रदर्शन करने के लिए किराया करीब 1 लाख रुपये से 3 लाख रुपये है। CBD ग्राउंड पर प्रदर्शन की योजना बनाने वाले संगठनों को बुकिंग की दर, अनुमति और लागू शर्तों की जानकारी संबंधित विभाग से लेनी चाहिए।
किसी भी संगठन को धरना प्रदर्शन से पहले कई चरणों से होकर गुजरना पड़ता है। बुकिंग के पहले आयोजकों को स्थानीय पुलिस यातायात पुलिस से अनापत्ति प्रमाण पत्र यानी एनओसी हासिल करना होता है। इसके लिए पुलिस भीड़ की सुरक्षा, कानून व्यवस्था और रूट प्लान का आकलन करने के बाद ही अपनी मंजूरी देती है। फिर एनओसी लेने के बाद दिल्ली नगर निगम के उद्यान विभाग में अप्लाई करना होता है। इसके बाद एडवांस पेमेंट के बाद धरना प्रदर्शन कर सकते हैं।
Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.
Oops! Looks like you have exceeded the limit to bookmark the image. Remove some to bookmark this image.