
Delhi Red Fort Car Blast: राजधानी दिल्ली के ऐतिहासिक लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर 1 के पास सोमवार को एक कार में अचानक धमाका हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरातफरी फैल गई, कई अन्य वाहन आग की चपेट में आ गए। तस्वीरों में देघा गया कि गाड़ियां धू-धू कर चल रही थीं। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। वहां राहत और बचाव के कार्य किए गए।
वहीं, दिल्ली पुलिस, कई बड़े पुलिस अधिकारी और विभिन्न जांच एजेंसियों की टीमें मौके पर पहुंच गई। धमाके की घटना की जांच आतंकी हमले की आशंका के एंगल से भी की जा रही है क्योंकि मौके पर एनआईए की टीम भी मौके पर पहुंची है। वहीं, दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच की टीम और फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची। उधर, दिल्ली ब्लास्ट के बाद कई राज्यों में सिक्यॉरिटी अलर्ट बढ़ा दिया गया। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी एलएनजेपी अस्पताल पहुंचकर घायलों की स्थिती का जायजा लिया। वो लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास उस जगह पर भी गए जहां धमाका हुआ है।
बड़ी बात है कि हरियाणा के फरीदाबाद में एक कश्मीरी डॉक्टर मुजम्मिल की गिरफ्तारी और उसके पास से भारी मात्रा में विस्फोटक पदार्थ, हथियारों और गोला-बारूदों के जखीरे की जब्ती के बाद दिल्ली में हुए ब्लास्ट हुआ है। जम्मू-कश्मीर पुलिस की टीम एक टिप पर फरीदबाद आई थी और वहां स्थानीय पुलिस की मदद से जांच की तो डॉ. मुजम्मिल और विध्वंसक सामानों का उसका खजाना हाथ लगा। अभी इतनी भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री मिलने की चर्चा गरम ही थी कि दिल्ली के ऐतिहासिक लाल किले के पास मेट्रो स्टेशन के एक गेट के पास इतना जबर्दस्त धमाका हो गया।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दिल्ली धमाके पर दुख जताया है। उन्होंने एक एक्स पोस्ट में कहा, 'दिल्ली में हुए विस्फोट में मारे गए लोगों के परिजनों और मित्रों के प्रति मैं अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त करता हूं। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।'
केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) ने एक एक्स पोस्ट में कहा है, 'लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास एक वाहन में हुए विस्फोट के बाद दिल्ली मेट्रो, लाल किला, सरकारी इमारतों और आईजीआई हवाई अड्डे सहित राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में सीआईएसएफ द्वारा सुरक्षित प्रतिष्ठानों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और कर्मियों को तैयार रखा गया है।'
क्या यह आतंकवादी हमला था, यह पूछे जाने पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, "हम सभी पहलुओं को खुला रख रहे हैं और सभी एंगल से जांच कर रहे हैं। यह कहना बहुत मुश्किल है कि घटना का कारण क्या था। जब तक विस्फोट स्थल से बरामद नमूनों का FSL और NSG द्वारा विश्लेषण नहीं किया जाता, तब तक इसके बारे में कुछ भी कहना मुश्किल है। हालांकि, हम किसी भी एंगल को बंद नहीं मानते हैं। हम दृढ़ता के साथ सभी एंगल की जांच करेंगे।"
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली में धमाके पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने एक एक्स पोस्ट में मृतक के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। पीएम ने लिखा, 'आज शाम दिल्ली में हुए विस्फोट में अपनों को खोने वालों के प्रति संवेदना। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। प्रभावित लोगों की सहायता अधिकारी कर रहे हैं। गृह मंत्री अमित शाह जी और अन्य अधिकारियों के साथ स्थिति की समीक्षा की।'
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बताया होंडा की i20 कार में ब्लास्ट हुआ है। उन्होंने कहा कि हर पहलू से जांच जारी है। शाह ने कहा कि वो खुद लाल किले के पास धमाके के स्थल पर जा रहे हैं। गृह मंत्री ने कहा कि वो ब्लास्ट की चपेट में आए लोगों को जिन अस्पतालों में भर्ती करवाया गया है, वो वहां भी जाएंगे।
दिल्ली विस्फोट के बाद कई राज्यों को अलर्ट पर रखा गया है।
दिल्ली विस्फोट के बाद बिहार में हाई अलर्ट जारी है। बिहार में टीमें अलर्ट पर हैं और सभी की जांच की जा रही है।
दिल्ली में हुए विस्फोट के बाद चंडीगढ़ में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। पुलिस हाई अलर्ट पर है।
केरल के पुलिस प्रमुख रावदा आज़ाद चंद्रशेखर ने पुलिस को पूरे राज्य में सुरक्षा कड़ी करने के निर्देश दिए हैं।
हरियाणा में भी अलर्ट जारी कर दिया गया है। सरकार ने सभी ज़िलाधिकारियों को निर्देश जारी कर दिए हैं।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण से घटना की जानकारी मिलने के बाद, उत्तर प्रदेश में पूरे पुलिस बल को हाई अलर्ट पर रखने और गहन जांच व सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
हरियाणा के फरीदाबाद से 360 किलोग्राम संभावित अमोनियम नाइट्रेट की बरामदगी के बाद, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने आज दोपहर वर्षा में सभी वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक की और समग्र सुरक्षा स्थिति की समीक्षा की। अब, दिल्ली की घटना के बाद, उन्होंने एक बार फिर पुलिस को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। सभी एजेंसियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं: महाराष्ट्र गृह विभाग के सूत्र
सरकारी सूत्रों ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली में हुए विस्फोट के बाद स्थिति का जायजा लिया है। उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से बात की और स्थिति पर अपडेट लिया।
लाला किला में ब्लास्ट साइट पर राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA), दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच की एक टीम और फॉरेंसिक टीम भी पहुंची है। ब्लास्ट की भयावहता को देखकर माना जा रहा है कि यह कोई सामान्य धमाका नहीं था। घटना के बाद की स्थिति और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों से भी ऐसा लगता है कि धमाका सामान्य नहीं था।
उत्तर प्रदेश के ADG (कानून-व्यवस्था) अमिताभ यश ने ANI से बात करते हुए बताया कि DGP ने उत्तर प्रदेश के सभी वरिष्ठ अधिकारियों को संवेदनशील धार्मिक स्थलों, संवेदनशील जिलों और सीमावर्ती इलाकों में सुरक्षा बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। सभी सुरक्षा एजेंसियों को भी अलर्ट कर दिया गया है। उत्तर प्रदेश के सभी जिलों की पुलिस को अलर्ट पर रखा गया है। लखनऊ से संवेदनशील इलाकों में गश्त और जांच बढ़ाने का आदेश जारी किया गया है।
दिल्ली पुलिस कमिश्नर सतीश गोलचा ने मीडिया को बताया कि रेड लाइट की तरफ धीरे-धीरे बढ़ रही एक गाड़ी में धमाका हुआ। धमाके के वक्त लोग गाड़ी के अंदर ही थे।
लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर 1 के पास विस्फोट के बाद 15 लोगों को लोक नायक अस्पताल लाया गया है। उनमें से 8 की अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत हो गई। तीन गंभीर रूप से घायल हैं। एक की हालत स्थिर है।
दिल्ली दमकल विभाग ने बताया है कि उसे एक फोन आया था जिसमें एक व्यक्ति ने कहा था कि राष्ट्रीय राजधानी में लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास एक कार में विस्फोट हुआ था, जिसके बाद वहां तीन से चार वाहनों में आग लग गई। दमकल की पांच गाड़ियों को मौके पर भेजा गया है। इस घटना के मद्देनजर दिल्ली में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है।