Delhi-NCR Weather Update: दिल्ली एनसीआर समेत कई मैदानी इलाकों में चल रही सर्द हवाओं ने लोगों को घर में रहने पर मजबूर कर दिया है। सुबह-शाम को पड़ रही गलन वाली ठंड की वजह से लोग अलाव जलाने को मजबूर हो गए हैं। वहीं पहाड़ी इलाकों में भी बर्फबारी ने ठिठुरन बढ़ा दी है। आइए जानते आज कैसा रहेगा देशभर का मौसम
दिल्ली में बढ़ी ठंड
दिल्ली-एनसीआर में अभी घना कोहरा नहीं पड़ रहा है, लेकिन सुबह-शाम चल रही ठंडी हवाओं ने ठिठुरन बढ़ा दी है। मौसम विभाग के अनुसार इस सप्ताह मौसम में कोई बदलाव नहीं होगा। 14 दिसंबर तक मौसम ऐसा ही रहने वाला है। आज राजधानी का न्यूनतम तापमान 8 डिग्री और अधिकतम तापमान 23 डिग्री रह सकता है।
यूपी-बिहार में आज कैसा रहेगा मौसम?
दिल्ली से सटे यूपी-बिहार में शीतलहर शुरू हो गई है। पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई राज्यों में सुबह के वक्त घना कोहरा भी छा रहा है। कोहरे की वजह से विजिबिलिटी भी काफी कम हो गई है। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक यूपी के कई शहरों में शीतलहर का असर तेज हो सकता है। उसके बाद अगले सप्ताह से तापमान में भी तेजी से गिरावट आएगी। वहीं बिहार में भी ठंड ने अपना प्रकोप दिखाना शुरू कर दिया है। मौसम विभाग के अनुसार आज से बिहार में मौसम बदलने वाला है। IMD के अनुसार, बिहार में पटना, पूर्णिया, किशनगंज के अलावा झारखंड में रांची, जमशेदपुर में आज भीषण शीत लहर चलने वाली है।
इन राज्यों में बारिश का अलर्ट
उत्तर भारत में शीत लहर की चेतावनी के साथ ही मौसम विभाग ने कुछ राज्यों में भारी बारिश का भी अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिम बंगाल, ओडिशा, तमिलनाडु और पुडुचेरी में आज बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा मछुआरों को भी सावधान रहने को कहा गया है।
पहाड़ों पर येलो अलर्ट जारी
मैदानी इलाकों की तरह पहाड़ों पर भी मौसम काफी ठंडा हो गया है। आज हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर और मंडी में घना कोहरा छाए रहने का येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं उत्तराखंड में आज बर्फीली हवाओं की चेतावनी जारी की गई है। इसके अलावा कुछ पर्वतीय इलाकों में बर्फबारी भी हो सकती है।