Delhi Traffic Advisory 12 April 2026: अगर आप आज रविवार को दिल्ली में घूमने का प्लान बना रहे हैं, खासकर कुतुब मीनार या महरौली के आसपास, तो पहले दिल्ली पुलिस की ट्रैफिक एडवाइजरी पढ़ लें। वीकेंड पर बढ़ती भीड़ और वाहनों के दबाव को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने कुछ खास इंतजाम किए हैं, जिससे कई रास्तों पर पाबंदियां लगाई गई हैं। थोड़ी सी लापरवाही आपको लंबे जाम में फंसा सकती है, इसलिए घर से निकलने से पहले रूट प्लान करना जरूरी हो गया है।
किन जगहों पर लगी पाबंदी
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, कुतुब मीनार और महरौली पार्क के आसपास भारी ट्रैफिक की संभावना को देखते हुए रविवार शाम 4 बजे से रात 9 बजे तक (या जरूरत के अनुसार) ट्रैफिक नियंत्रण लागू किया गया है। इस दौरान कुछ खास रास्तों पर भारी और कमर्शियल वाहनों की एंट्री पर रोक रहेगी, ताकि ट्रैफिक को सुचारु तरीके से मैनेज किया जा सके।
इन रास्तों पर बड़े वाहनों की आवाजाही पर रोक
कुछ प्रमुख रास्तों पर भारी वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से बंद कर दी गई है:
- अनुव्रत मार्ग से फूल मंडी वाले रास्ते से कुतुब मीनार की ओर
- क्रेसेंट मार्ग से मस्जिद हाजी अली जान की तरफ
- कालका दास मार्ग से स्मारक की ओर
इसके अलावा, अनुव्रत मार्ग, क्रेसेंट मार्ग और कालका दास मार्ग पर भारी वाहनों की पार्किंग या रुकने की भी अनुमति नहीं होगी।
कौन से रास्ते खुले हैं?
आम यात्रियों के लिए रास्ते पूरी तरह बंद नहीं हैं। ऑरोबिंदो मार्ग, अनुव्रत मार्ग, क्रेसेंट रोड और कालका दास मार्ग खुले रहेंगे, लेकिन कुतुब मीनार तक पहुंच सिर्फ कालका दास मार्ग से ही दी जाएगी। पार्किंग की सुविधा भी केवल महरौली के कालका दास मार्ग पर बने निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही उपलब्ध होगी।
जरूरी सलाह
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अगर मुमकिन हो तो अपनी निजी गाड़ियों के बजाय दिल्ली मेट्रो या बस का इस्तेमाल करें। इससे सड़कों पर दबाव कम होगा। जो लोग एयरपोर्ट (IGI), नई दिल्ली रेलवे स्टेशन या ISBT जाना चाहते हैं, उन्हें सलाह दी गई है कि वे अपने घर से थोड़ा समय पहले निकलें ताकि रास्ते में होने वाली किसी भी देरी से बचा जा सके।
एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड और पुलिस जैसे इमरजेंसी वाहनों को इन सभी रास्तों पर बिना किसी रोक-टोक के जाने की अनुमति होगी।
मेट्रो यात्रियों के लिए जरूरी अपडेट
इस बीच, दिल्ली मेट्रो भी यात्रियों की सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान चला रही है। DMRC पूरे नेटवर्क में लिफ्ट और एस्केलेटर के सुरक्षित इस्तेमाल को लेकर एक हफ्ते का कैंपेन चला रहा है। फिलहाल मेट्रो नेटवर्क में 965 लिफ्ट, 1297 एस्केलेटर और 42 ट्रैवलैटर संचालित किए जा रहे हैं।