Delhi Traffic Advisory: आज अगर आप बाहर निकलने की सोच रहे हैं, तो थोड़ा संभलकर निकलना जरूरी है। दिल्ली में हर साल गणतंत्र दिवस के बाद होने वाले बीटिंग रिट्रीट समारोह के मद्देनजर सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए कई इलाकों में ट्रैफिक पर रोक लगाई गई है। ट्रैफिक पुलिस ने पहले ही एडवाइजरी जारी कर लोगों से यात्रा की सही प्लानिंग करने की अपील की है।
कब और कहां रहेगा ट्रैफिक बंद
ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, आज 29 जनवरी को दोपहर 2 बजे से रात 9:30 बजे तक विजय चौक और उसके आसपास के इलाकों में ट्रैफिक पूरी तरह बंद रहेगा। इस दौरान राष्ट्रपति भवन, नॉर्थ ब्लॉक, साउथ ब्लॉक और संसद भवन के आसपास सुरक्षा और समारोह को देखते हुए वाहनों की आवाजाही सीमित रहेगी। इस समयावधि में विजय चौक आम यातायात के लिए पूरी तरह बंद रहेगा।
किन रास्तों पर नहीं चलेंगे वाहन
सुनहरी मस्जिद गोल चक्कर से कृषि भवन गोल चक्कर तक, रफी मार्ग पर तथा कृषि भवन गोल चक्कर से विजय चौक की ओर रायसीना रोड पर वाहनों की आवाजाही की अनुमति नहीं होगी। इसके अलावा दारा शिकोह रोड गोल चक्कर, कृष्ण मेनन मार्ग गोल चक्कर और सुनहरी मस्जिद गोल चक्कर से विजय चौक की ओर वाहनों की आवाजाही भी प्रतिबंधित रहेगी। विजय चौक से सी-हेक्सागन तक कर्तव्य पथ भी आम जनता के लिए बंद रहेगा।
वैकल्पिक रास्तों का करें इस्तेमाल
ट्रैफिक पुलिस ने लोगों को सलाह दी है कि वे रिंग रोड, वंदे मातरम मार्ग, ऑरोबिन्दो मार्ग, मदरसा टी-प्वाइंट, कमाल अतातुर्क मार्ग से सफदरजंग रोड, रानी झांसी रोड और मिंटो रोड जैसे वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें, ताकि जाम से बचा जा सके।
बस यात्रियों के लिए भी जरूरी सूचना
एडवाइजरी में यह भी कहा गया है कि डीटीसी और अन्य बस सेवाओं के रूट में बदलाव किया जाएगा। परामर्श में यह भी कहा गया है कि डीटीसी और अन्य बसों के मार्गों में परिवर्तन किया जाएगा। यातायात पुलिस ने लोगों से अपनी यात्रा की पूर्व योजना बनाने, प्रतिबंधित मार्गों से बचने और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करने की अपील की है।