Delhi Traffic Alert: आज 5 अप्रैल को संडे का दिन है और बहुत से लोग शॉपिंग या घूमने का प्लान बना रहे होंगे, लेकिन करोल बाग की तरफ जाने से पहले जरा रुकिए। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने एक जरूरी एडवाइजरी जारी की है। आज करोल बाग इलाके में भगवान महावीर जन्म कल्याण महोत्सव के उपलक्ष्य में एक भव्य शोभा यात्रा निकाली जा रही है, जिसकी वजह से ट्रैफिक की रफ्तार पर ब्रेक लग सकता है। आइए जानते हैं कि आज दिल्ली में कहां-कहां जाम लग सकता है और आपको किन रास्तों से बचकर निकलना चाहिए।
कितने से कितने बजे तक जाम
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, आज सुबह 10:00 बजे से लेकर शाम 05:00 बजे तक करोल बाग और उसके आसपास के इलाकों में गाड़ियों की आवाजाही काफी प्रभावित रहेगी। जैन समाज द्वारा आयोजित इस शोभा यात्रा में लगभग 500 भक्त, 12 झांकियां और 2 बड़े रथ शामिल होने की उम्मीद है। इतनी भारी भीड़ और झांकियों की वजह से सड़कों पर वाहनों की गति काफी धीमी हो सकती है।
पुलिस ने अपने आधिकारिक 'X' हैंडल पर भी जानकारी साझा की है ताकि लोगों को दफ्तर या किसी जरूरी काम पर जाने में देरी न हो।
इन रास्तों पर लग सकता है लंबा जाम
अगर आपका रूट करोल बाग के आसपास से गुजरता है, तो नीचे दी गई सड़कों पर आपको भारी ट्रैफिक मिल सकता है:
- न्यू रोहतक रोड (New Rohtak Road)
- रामजस रोड (Ramjas Road)
- डीबीजी रोड (DBG Road)
- अजमल खान रोड (Ajmal Khan Road)
- छप्परवाला चौक (Chapparwala Chowk)
- ईस्ट पार्क रोड (East Park Road)
इन रास्तों से कर सकते हैं सफर
ट्रैफिक पुलिस ने यात्रियों की सहूलियत के लिए कुछ वैकल्पिक मार्ग भी सुझाए हैं। अगर आप करोल बाग की तरफ से गुजरना ही चाहते हैं, तो इन रास्तों का इस्तेमाल कर सकते हैं:
- रवि दास रोड (Ravi Das Road)
- फैज रोड (Faiz Road)
ये रास्ते आपको मुख्य जाम वाले पॉइंट से बचाकर निकाल सकते हैं। हालांकि, संडे होने की वजह से इन वैकल्पिक रास्तों पर भी गाड़ियों की संख्या सामान्य से अधिक हो सकती है, इसलिए थोड़ा अतिरिक्त समय लेकर ही घर से निकलें। इन मुख्य सड़कों के अलावा इनसे जुड़ी गलियों और लिंक रोड्स पर भी गाड़ियों का दबाव रहने की आशंका है।
अपनी यात्रा की प्लानिंग ऐसे करें
दिल्ली पुलिस और ट्रैफिक डिपार्टमेंट ने जनता से अपील की है कि वे यातायात कर्मियों के निर्देशों का पालन करें। ट्रैफिक पुलिस ने सलाह दी है कि अगर आपको किसी जरूरी काम से इस रूट पर जाना है, तो कम से कम 30-40 मिनट पहले निकलें। गूगल मैप्स या अन्य नेविगेशन ऐप्स का उपयोग करें ताकि आपको रियल-टाइम ट्रैफिक अपडेट मिलता रहे। मुमकिन हो तो आज मेट्रो का इस्तेमाल करें, जो करोल बाग जैसे भीड़भाड़ वाले इलाकों के लिए सबसे बेहतर विकल्प है।