Delhi Traffic Advisory on Sunday: अगर आज आप संडे को दिल्ली घूमने का प्लान कर रहे हैं या फिर आज कालका जी मंदिर जाने वाले हैं, तो ये खबर आपके लिए है। दरअसल दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने आज संडे के लिए राजधानी के कुछ रास्तों पर ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। आज राजधानी की सड़कों पर भक्ति, शक्ति और आयोजनों का एक अनूठा संगम देखने को मिलेगा, लेकिन इस दौरान कुछ रास्तों पर जाम भी दिख सकता है। इसलिए घर से निकलने से पहले ट्रैफिक एडवाइजरी जरूर पढ़ लें।
पहाड़गंज में दोपहर बाद का ट्रैफिक अलर्ट
आज रविवार की दोपहर पहाड़गंज के इलाके में आस्था का सैलाब उमड़ने वाला है। यहां भगवान की भव्य रथ यात्रा निकाली जाएगी, जिसमें हजारों की संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे। ट्रैफिक पुलिस ने विशेष एडवाइजरी जारी करते हुए बताया है कि आज दोपहर 3:00 बजे के बाद चूना मंडी रोड और पूरे पहाड़गंज मुख्य बाजार में गाड़ियों की एंट्री लगभग नामुमकिन होगी। अगर आप नई दिल्ली रेलवे स्टेशन जाने की योजना बना रहे हैं, तो घर से पहले निकलें क्योंकि अगर आप पहले नहीं निकले, तो आपकी ट्रेन छूट सकती है।
जवाहरलाल नेहरू (JLN) स्टेडियम पर भी लग सकता है जाम
आज जवाहरलाल नेहरू (JLN) स्टेडियम में एक बड़ा कार्यक्रम होने वाला है। इस वजह से लोधी रोड, बी.पी. मार्ग और स्टेडियम से सटे इलाकों में भारी ट्रैफिक लग सकता है। स्टेडियम में शामिल होने के लिए भारी संख्या में लोग आएंगे, इसलिए कई जगहों पर रूट डायवर्ट किए जा सकते हैं। अगर आप साउथ दिल्ली से गुजर रहे हैं, तो वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें, जिससे आपको दिक्कत न हो।
कालका जी और झंडेवालान मंदिर के पास भी जाम का झाम
चैत्र नवरात्रि की वजह से कालकाजी मंदिर में भक्तों का तांता लगा हुआ है। आज संडे होने के कारण आउटर रिंग रोड, मां आनंदमयी मार्ग, कैप्टन गौड़ मार्ग और आस्था कुंज रोड पर गाड़ियों का रेंगना तय है। ध्यान रखें कि नेहरू प्लेस से मोदी मिल फ्लाईओवर के बीच आउटर रिंग रोड पर पार्किंग पूरी तरह प्रतिबंधित है। पुलिस ने साफ किया है कि गाड़ियां केवल तय पार्किंग में ही खड़ी करें, वरना उन्हें टो कर लिया जाएगा।
वहीं नवरात्रि के चलते झंडेवालान माता मंदिर में भी भारी भीड़ उमड़ रही है। इसका सीधा असर रानी झांसी रोड और डीबीजी (DBG) रोड के ट्रैफिक पर पड़ रहा है। आज के लिए पुलिस ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे फैज रोड और पंचकुइयां रोड जैसे रास्तों का इस्तेमाल करें।
आज अगर आप दिल्ली के ट्रैफिक से बचना चाहते हैं, तो मेट्रो का इस्तेमाल कर सकते हैं, क्योंकि आज दिल्ली में कई जगहों पर जाम का अलर्ट जारी किया गया है। ऐसे में आज सुबह से शाम तक गाड़ियां रेंगती हुई दिखने वाली है। इसके अलावा घर से निकलने से पहले मैप्स जरूर चेक कर लें और ट्रैफिक पुलिस के निर्देशों का पालन करेंगे, तो आप जाम से बच सकते हैं।