Delhi Traffic Advisory: अगर आज आप संडे को दिल्ली में घूमने का प्लान कर रहे हैं, तो एक बार घर से निकलने से पहले ट्रैफिक एडवाइजरी पढ़ लें। आज राजधानी में सुबह इंडियन नेवी हाफ मैराथन और दोपहर में श्री गुरु रविदास जी की शोभा यात्रा निकलने वाली है, जिसमें भारी संख्या में लोगों के शामिल होने की उम्मीद है। लोगों की भीड़ और ट्रैफिक को देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है। अगर आप दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की एडवाइजरी को फॉलो करेंगे, तो आप जाम से बच सकेंगे।
दिल्ली में चल रही हाफ मैराथन
दिल्ली में आज सुबह इंडियन नेवी हाफ मैराथन चल रही है। इस दौरान मैराथन मार्गों पर ट्रैफिक नियंत्रित रहेगा। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे प्रभावित सड़कों से बचें और पब्लिक ट्रांसपोर्ट का इस्तेमाल करें और ट्रैफिक पुलिस के निर्देशों का पालन करें। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने रेलवे स्टेशन, ISBT और एयरपोर्ट जाने वालों को खासतौर पर अपनी यात्रा पहले से तय करने की सलाह दी है।
शोभा यात्रा की वजह से ट्रैफिक एडवाइजरी जारी
वहीं आज दोपहर में गुरु रविदास जी की 649वीं जयंती पर शोभायात्रा निकलने वाली है। ये शोभा यात्रा लाल किला मैदान से शुरू होकर गुरु रविदास मंदिर (गुरु रविदास मार्ग) पर समाप्त होगी। अगर टाइमिंग की बात करें, तो ये शोभा यात्रा दोपहर 2:30 बजे से रात 8:00 बजे तक चलेगी। इस दौरान शोभा यात्रा मार्ग और आसपास की सड़कों पर भारी भीड़ और वाहनों की आवाजाही रहेगी। पुलिस ने लोगों से अनुरोध किया है कि वे वैकल्पिक मार्ग अपनाएं और सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करें।
दिल्ली में आज इन रास्तों से रहें दूर
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि शोभायात्रा चांदनी चौक, फतेहपुरी, खारी बावली, सदर बाजार, बारा टूटी चौक, पहाड़ी धीरज, बारा हिंदू राव और डीबीजी रोड से होते हुए समापन स्थल तक पहुंचेगी।उन्होंने कहा कि शोभायात्रा में बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की उम्मीद है और पूरे मार्ग पर वाहनों और पैदल यात्रियों की भारी आवाजाही रहने का अनुमान है।दिल्ली यातायात पुलिस ने आश्वासन दिया है कि वाहनों की सुचारु आवाजाही और पैदल यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। हालांकि, आवश्यकतानुसार यातायात प्रतिबंध और मार्ग परिवर्तन लागू किए जा सकते हैं।