Dehi Traffic Alert 1 April, 2026 : दिल्ली में हनुमान जन्मोत्सव के दौरान मरघट वाले बाबा हनुमान मंदिर पर भारी भीड़ जुटने की संभावना है। इसकी वजह से आज और कल यानी 1 और 2 अप्रैल, 2026 को रिंग रोड और आसपास के इलाकों में ट्रैफिक डायवर्ट रहेगा। अगर आप पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन या ISBT जा रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए बहुत जरूरी है।
इन तारीखों और समय पर रहेगा असर
हनुमान जन्मोत्सव के चलते मंदिर के आसपास कई जुलूस और कार्यक्रम होंगे। दिल्ली पुलिस के मुताबिक, 1 अप्रैल को दोपहर 2 बजे से रात 11 बजे तक ट्रैफिक प्रभावित रहेगा। वहीं 2 अप्रैल को पूरे दिन इन रास्तों पर आवाजाही में दिक्कत हो सकती है।
इन प्रमुख सड़कों पर जाने से बचें
एडवाइजरी के अनुसार, शांति वन से ISBT कश्मीरी गेट तक रिंग रोड के दोनों कैरिजवे पर असर पड़ेगा। इसके अलावा श्यामा प्रसाद मुखर्जी मार्ग, लोथियन रोड, नेताजी सुभाष मार्ग, निषाद राज मार्ग और बुलेवार्ड रोड पर भी ट्रैफिक रेगुलेट या प्रतिबंधित किया जा सकता है।
यहां से मिल सकता है डायवर्जन
ट्रैफिक पुलिस जरूरत पड़ने पर कुछ खास पॉइंट्स से गाड़ियों को मोड़ सकती है। इनमें रेल छत्ता चौक, सुभाष कट, GPO चौक, केला घाट और लोहे का पुल (Iron Bridge) शामिल हैं। बंदर पुल के नीचे रिंग रोड और बुलेवार्ड रोड-लोथियन रोड टी-पॉइंट पर भी डायवर्जन दिया जा सकता है।
यात्रियों के लिए जरूरी निर्देश
दिल्ली पुलिस ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे प्रभावित रास्तों पर जाने से बचें और वैकल्पिक रास्तों का चुनाव करें। कश्मीरी गेट ISBT और पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन जाने वाले लोग समय से पहले घर से निकलें। पुलिस ने जाम से बचने के लिए मेट्रो और बसों जैसे पब्लिक ट्रांसपोर्ट का ज्यादा इस्तेमाल करने की अपील की है।
पुलिस की अपील और संपर्क सूत्र
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने कहा है, 'मोटर चालक धैर्य रखें और ट्रैफिक कर्मियों के निर्देशों का पालन करें।' किसी भी मदद के लिए ट्रैफिक हेल्पलाइन 1095 या 011-25844444 पर कॉल किया जा सकता है। इसके अलावा व्हाट्सऐप नंबर 8750871493 पर भी संपर्क किया जा सकता है।