Delhi Traffic Advisory 11 April 2026: अगर आप रोजाना दिल्ली से यूपी बॉर्डर की तरफ सफर करते हैं, तो आने वाले दिनों में आपको थोड़ा ज्यादा समय लेकर घर से निकलना होगा। राजधानी में एक बार फिर ट्रैफिक को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है, जिससे हजारों लोगों की रोज की यात्रा को प्रभावित होगी।
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने साफ तौर पर अलर्ट जारी किया है कि दिल्ली–सहारनपुर एक्सप्रेसवे के पास आने-जाने वालों को अगले कुछ महीनों तक धीमे ट्रैफिक और जाम का सामना करना पड़ सकता है। वजह है, यहां चल रहा निर्माण कार्य।
क्यों बदला गया ट्रैफिक रूट?
दिल्ली–सहारनपुर एक्सप्रेसवे (पावी सादकपुर पुश्ता रोड) पर यूपी बॉर्डर के पास निर्माण कार्य जारी है। एक्सप्रेसवे को जल्द से जल्द पूरा करने के लिए भारी मशीनों और लेबर का काम चल रहा है, जिसकी वजह से सड़क की चौड़ाई कम हो गई है। यात्रियों की सुरक्षा और काम में रुकावट न आए, इसलिए ट्रैफिक को डायवर्ट किया गया है। प्रशासन का कहना है कि यह कदम लोगों की सुरक्षा और ट्रैफिक कंट्रोल के लिए जरूरी है।
इस रास्तों को लेने से बचें:
ट्रैफिक का सबसे ज्यादा असर खजूरी खास चौक और उसके आसपास के इलाकों में देखने को मिलेगा। पावी सादकपुर से लेकर खजूरी खास चौक तक दोनों तरफ की सड़कें प्रभावित रहेंगी। इस रूट से गुजरने वाले लोगों को खासकर पीक आवर्स में लंबा जाम झेलना पड़ सकता है।
कितने दिन चलेगा यह असर?
यह निर्माण कार्य अगले 2 से 3 महीनों तक जारी रहने की संभावना है। इस दौरान कुछ लेन बंद या सीमित रहेंगी, ट्रैफिक पूरे दिन धीमा रह सकता है। यह समस्या सिर्फ कुछ दिनों की नहीं, बल्कि लंबे समय तक चलने वाली है।
वैकल्पिक रूट:
अगर आप इस रूट पर रोजाना सफर करते हैं, तो बेहतर होगा कि आप वैकल्पिक रास्ता अपनाएं। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने दिल्ली–देहरादून एक्सप्रेसवे को बेहतर विकल्प बताया है। इस रूट का इस्तेमाल करके आप जाम से बच सकते हैं और सफर थोड़ा आसान बना सकते हैं।
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की खास टिप्स:
ट्रैफिक पुलिस ने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कुछ जरूरी सुझाव दिए हैं:
- एक्स्ट्रा टाइम लेकर चलें: अगर आपको इस रूट से जाना ही है, तो कम से कम 20-30 मिनट का मार्जिन लेकर घर से निकलें।
- पीक आवर्स को टालें: अगर मुमकिन हो, तो सुबह 9-11 और शाम 6-9 के बीच खजूरी खास चौक से गुजरने से बचें।
- लेन अनुशासन: जाम लगने पर अक्सर लोग गलत लेन में गाड़ी डाल देते हैं, जिससे स्थिति और बिगड़ जाती है। हमेशा अपनी लेन में रहें।
- पुलिस के निर्देशों का पालन: डायवर्जन पॉइंट्स पर तैनात ट्रैफिक कर्मियों की बात मानें, वे आपकी सुविधा के लिए ही वहां खड़े हैं।
अगले कुछ महीनों तक संयम और सही प्लानिंग ही आपको जाम के झंझट से बचा सकती है। निकलने से पहले गूगल मैप्स या ट्रैफिक पुलिस के X हैंडल को चेक करना न भूलें।