Delhi Evening Traffic Alert 25 March, 2026 : दिल्ली के संगम विहार इलाके में यात्रा करने वाले लोगों के लिए जरूरी खबर है। सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग के निर्माण कार्य की वजह से करणी सिंह शूटिंग रेंज रोड को अगले कुछ दिनों के लिए बंद कर दिया गया है। इससे एमबी रोड और फरीदाबाद की ओर जाने वाले ट्रैफिक पर सीधा असर पड़ेगा। अगर आपको इन दोनों रास्तों से जाना है तो जाम से बचने के लिए वैकल्पिक रूट का उपयोग करें।
निर्माण कार्य के चलते रास्ता बंद
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, संगम विहार के एच-ब्लॉक, शिव मंदिर से करणी सिंह शूटिंग रेंज तक अप्रोच रोड और नाली बनाने का काम चल रहा है। यह प्रोजेक्ट सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग का है। इसी काम के चलते करणी सिंह शूटिंग रेंज रोड को 25 मार्च, 2026 से 3 अप्रैल, 2026 तक पूरी तरह बंद रखने का फैसला लिया गया है।
इन सड़कों पर पड़ेगा असर
ट्रैफिक पुलिस ने अपनी एडवाइजरी में बताया है कि इस कंस्ट्रक्शन की वजह से आसपास के इलाकों में ट्रैफिक मूवमेंट प्रभावित होगा। मुख्य रूप से निम्नलिखित सड़कों पर असर दिखेगा।
एमबी रोड: फरीदाबाद की ओर जाने वाला हिस्सा।
करणी सिंह शूटिंग रेंज रोड: यह सड़क पूरी तरह बंद रहेगी।
पुल प्रह्लादपुर रोड: फरीदाबाद की ओर जाने वाले रास्ते पर दबाव रहेगा।
डायवर्जन पॉइंट्स और वैकल्पिक रास्ते
ट्रैफिक को सुचारू रूप से चलाने के लिए कुछ डायवर्जन पॉइंट्स तय किए गए हैं। इनमें एमबी रोड पर स्थित करणी सिंह शूटिंग रेंज रेड लाइट और शूटिंग रेंज के गेट के पास के पॉइंट्स शामिल हैं। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे पुल प्रह्लादपुर रोड से सूरजकुंड इलाके की ओर जाने वाले रास्तों और अन्य जुड़े हुए मार्गों का इस्तेमाल करें।
यात्रियों के लिए सामान्य निर्देश
ट्रैफिक पुलिस ने जनता से सहयोग की अपील की है। एडवाइजरी में कहा गया है, 'यात्री अपनी यात्रा की योजना पहले से बना लें और प्रभावित रास्तों पर जाने से बचें।' इसके अलावा, लोगों से ड्यूटी पर तैनात ट्रैफिक कर्मियों के निर्देशों का पालन करने और धैर्य रखने को कहा गया है। किसी भी सहायता के लिए लोग दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के हेल्पलाइन नंबर 1095 या 011-25844444 पर संपर्क कर सकते हैं।