Delhi Traffic Advisor for Sunday Half Marathon : दिल्ली में रविवार, 29 मार्च, 2026 को हाफ मैराथन का आयोजन होने जा रहा है। अगर आप कल सुबह घर से बाहर निकलने वाले हैं, तो यह खबर आपके लिए बहुत जरूरी है। मैराथन के कारण नई दिल्ली के कई प्रमुख रास्तों पर ट्रैफिक डायवर्जन रहेगा।
मैराथन का समय और रूट
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, यह हाफ मैराथन मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम से शुरू होगी। यह आयोजन रविवार सुबह 5 बजे से सुबह 10 बजे तक चलेगा। मैराथन का रूट नेशनल स्टेडियम से शुरू होकर सी-हेक्सागन, जाकिर हुसैन मार्ग, कर्तव्य पथ, जनपथ और अशोक रोड जैसे प्रमुख इलाकों से होकर गुजरेगा। इसका समापन वापस नेशनल स्टेडियम के गेट नंबर 1 पर होगा।
इन रास्तों पर जाने से बचें
ट्रैफिक एडवाइजरी में कुछ खास सड़कों के इस्तेमाल से बचने की सलाह दी गई है। इनमें अकबर रोड, अशोक रोड, सी-हेक्सागन, शाहजहां रोड, डॉ. जाकिर हुसैन मार्ग, पुराना किला रोड, शेरशाह रोड और पंडारा रोड शामिल हैं। पुलिस ने कहा है, 'लोग इन रास्तों के बजाय दूसरे रास्तों का चुनाव करें ताकि ट्रैफिक जाम में न फंसें।'
पार्किंग और नो-हाल्टिंग के कड़े नियम
मैराथन के दौरान इंडिया गेट, मानसिंह रोड, जनपथ, कर्तव्य पथ और आसपास के इलाकों में किसी भी गाड़ी को रुकने या पार्क करने की अनुमति नहीं होगी। ट्रैफिक पुलिस ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि नियम तोड़ने वाली गाड़ियों को उठा लिया जाएगा और उन पर कार्रवाई की जाएगी। टो की गई गाड़ियां भैरो मंदिर के सामने वाली ट्रैफिक पिट में खड़ी की जाएंगी।
यात्रियों के लिए जरूरी निर्देश
दिल्ली पुलिस ने उन लोगों को खास सावधानी बरतने को कहा है जिन्हें एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन या आईएसबीटी जाना है। पुलिस ने सलाह दी है कि ऐसे यात्री अपने सफर के लिए पर्याप्त समय लेकर निकलें और ज्यादा से ज्यादा पब्लिक ट्रांसपोर्ट का इस्तेमाल करें। किसी भी समस्या या जानकारी के लिए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के हेल्पलाइन नंबर 1095 या 011-25844444 पर संपर्क किया जा सकता है।