कल का मौसम: दिल्ली में कल कैसा रहेगा मौसम? आधे भारत में बारिश का अनुमान

Weather News in Hindi: मौसम विभाग ने बुधवार को राजधानी दिल्ली सहित पूरे भारत के मौसम का अनुमान पेश किया है। कहां, कैसा मौसम रहेगा, आइए जानते हैं।

Naveen Kumar Pandey
पब्लिश्ड11 Aug 2026, 08:27 PM IST
Add Mint as a preferred source on Google
कल दिल्ली में कैसा रहेगा मौसम (सांकेतिक तस्वीर)
कल दिल्ली में कैसा रहेगा मौसम (सांकेतिक तस्वीर)(ANI)

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में पिछले कुछ दिनों से चल रही बारिश का दौर अब थम गया है। भारतीय मौसम विभाग ने बताया है कि बुधवार, 12 अगस्त 2026 को देश की राजधानी के आसमान में बादल तो छाए रहेंगे, लेकिन पुरजोर बारिश नहीं होगी। विभाग ने अपने पूर्वानुमान में कहा है कि बुधवार को दिल्ली में रिमझिम बारिश हो सकती है, लेकिन मूसलाधार नहीं। विभाग ने कहा है कि बुधवार को आधे से ज्यादा भारत में बारिश होने का अनुमान है।

बुधवार को आधे भारत में बारिश

मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर-पश्चिम मध्य प्रदेश के ऊपर बने कम दबाव वाले क्षेत्र के प्रभाव से पूर्वी राजस्थान में बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है। मौसम विभाग ने अपने ताजा बुलेटिन में कहा है, 'इस सप्ताह अधिकांश दिनों के दौरान पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा तथा उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में कहीं-कहीं भारी वर्षा होने की संभावना है।'

विभाग ने बताया कि बुधवार को उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उसके आसपास के क्षेत्रों में कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। इसके प्रभाव से गुरुवार तक ओडिशा में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है। मौसम विभाग की भविष्यवाणी में कहा गया है कि बुधवार को पूर्वी राजस्थान, पश्चिमी राजस्थान, पश्चिमी मध्य प्रदेश, मध्य महाराष्ट्र, तटीय महाराष्ट्र, पूर्वी भारत, पूर्वोत्तर राज्यों, जम्मू-कश्मीर, अरुणाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, गुजरात में भी बारिश की संभावना है।

राजस्थान के कई भागों में भारी बारिश की चेतावनी

दक्षिण-पश्चिम मानसून की सक्रियता के चलते राजस्थान में पिछले 24 घंटे के दौरान कई स्थानों पर भारी से अति भारी बारिश हुई और मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे के दौरान भी कई हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी दी है। आईएमडी के जयपुर केंद्र के अनुसार, कम दबाव का क्षेत्र मंगलवार को भी मध्यप्रदेश के उत्तर-पश्चिमी हिस्सों के ऊपर बना हुआ है। विभाग के अनुसार, जयपुर, भरतपुर, अजमेर, कोटा, उदयपुर, जोधपुर और बीकानेर संभाग के कुछ हिस्सों में 12 अगस्त को भी मध्यम से कहीं-कहीं भारी बारिश होने का अनुमान है। इस दौरान दक्षिण-पूर्वी राजस्थान में कुछ स्थानों पर भारी तथा एक-दो स्थानों पर अति भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।

वहीं, 13 अगस्त से भारी बारिश की गतिविधियों में कमी आने की संभावना है। हालांकि, राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और पूर्वी राजस्थान में एक-दो स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। विभाग ने बताया कि जोधपुर, उदयपुर और अजमेर संभाग के अधिकांश हिस्सों में 14 अगस्त से बारिश की गतिविधियों में कमी आने का अनुमान है। हालांकि, उत्तर-पश्चिमी, उत्तरी और पूर्वी राजस्थान के कुछ हिस्सों में मध्यम बारिश हो सकती है। इसी तरह 15 अगस्त से राज्य के उत्तरी और उत्तर-पूर्वी हिस्सों को छोड़कर अधिकांश क्षेत्रों में बारिश की गतिविधियों में कमी आने की संभावना है।

बारिश से यूपी की कई नदियों के जलस्तर बढ़े

उत्तर प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में जारी बारिश के बीच कई नदियों के जलस्तर में उतार-चढ़ाव दर्ज किया गया है। केंद्रीय जल आयोग की मंगलवार को जारी रिपोर्ट के अनुसार, घाघरा, राप्ती, सरयू, शारदा और अन्य नदियों के विभिन्न माप केंद्रों पर जलस्तर की निगरानी की जा रही है। हालांकि प्रमुख निगरानी केंद्रों पर अधिकांश नदियां चेतावनी अथवा खतरे के स्तर से नीचे हैं, लेकिन कुछ स्थानों पर जलस्तर बढ़ने का क्रम बना हुआ है।

छत्तीसगढ़ में अगले तीन दिन कम होगी बारिश

छत्तीसगढ़ में मानसून की गतिविधियों में फिलहाल कुछ कमी आने के संकेत हैं। मौसम विभाग के अनुसार में अगले 3 दिनों तक बारिश की गतिविधियां अपेक्षाकृत कम रह सकती हैं, जबकि इसके बाद प्रदेश में बारिश की गतिविधियां फिर बढ़ने के आसार हैं। राजधानी रायपुर में मंगलवार 11 अगस्त को आसमान में बादल छाए रहने का अनुमान है। इस दौरान गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।

मौसम विभाग ने शहर में अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान जताया है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में मानसून की स्थिति अलग-अलग क्षेत्रों में अलग-अलग बनी हुई है। आगामी तीन दिनों में बारिश की गतिविधि में कमी आने के बाद इसके फिर बढ़ने की संभावना है।

15 अगस्त तक कोंकण, घाट क्षेत्रों में भारी बारिश के आसार

महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में 15 अगस्त तक भारी बारिश जारी रहने की संभावना है। आईएमडी के अनुसार, अरब सागर से नमी वाली हवाओं के आने के कारण रत्नागिरी, सिंधुदुर्ग और पालघर जिलों में बारिश की गतिविधियां तेज रह सकती हैं। मौसम विभाग ने रायगढ़, सतारा और पुणे जिलों के घाट क्षेत्रों में भी अच्छी बारिश होने का अनुमान जताया है। मुंबई, ठाणे और पालघर में मंगलवार और बुधवार को भारी बारिश होने की संभावना है, जबकि कोंकण क्षेत्र और गोवा में इस सप्ताह मानसून की गतिविधियां फिर तेज होने के आसार हैं।

आईएमडी के अनुसार, अरब सागर के ऊपर अनुकूल मौसम परिस्थितियों, हिंद महासागर द्विध्रुव (आईओडी) के समर्थन और मध्य प्रदेश के ऊपर बने निम्न दबाव क्षेत्र के कारण कोंकण तट तथा आसपास के घाट क्षेत्रों में बारिश को मजबूती मिलने की संभावना है। बुधवार को मुंबई, ठाणे, पालघर और रायगढ़ में बारिश की तीव्रता बढ़ने का अनुमान है। मौसम विभाग ने रायगढ़, रत्नागिरी, पुणे और सतारा के लिए येलो अलर्ट जारी किया है और विशेष रूप से घाट क्षेत्रों में भारी बारिश की चेतावनी दी है। राज्य के अन्य हिस्सों में भी कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है

दक्षिण बंगाल में भारी बारिश का पूर्वानुमान

बंगाल की खाड़ी के ऊपर बुधवार को कम दबाव का क्षेत्र बनने का पूर्वानुमान है, जिसके कारण अगले कुछ दिन में दक्षिण बंगाल के कई जिलों में बहुत भारी बारिश हो सकती है। आईएमडी ने कहा कि इस मौसम प्रणाली के बनने के कारण बुधवार को तटीय जिलों उत्तर 24 परगना, दक्षिण 24 परगना, पूर्व मेदिनीपुर और पश्चिम मेदिनीपुर में बहुत भारी बारिश होने का पूर्वानुमान है। आईएमडी के पूर्वानुमान के अनुसार, झाड़ग्राम, बांकुड़ा, पुरुलिया और पश्चिम बर्धमान समेत विभिन्न जिलों में 15 अगस्त तक भारी बारिश हो सकती है।

मौसम विभाग ने मछुआरों को 15 अगस्त तक पश्चिम बंगाल और ओडिशा के तटों के पास तथा समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी है। इस दौरान क्षेत्र में 55 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का पूर्वानुमान है। आईएमडी ने कहा कि उत्तर बंगाल के इलाकों में 14 से 17 अगस्त के बीच फिर भारी बारिश होने का पूर्वानुमान है। इन इलाकों में पिछले सप्ताह भारी बारिश होने से लोगों को राहत मिली थी।

About the Author

टेलीवीजन की दुनिया से अखबार का संसार और अब डिजिटल वर्ल्ड। नवीन कुमार पाण्डेय पत्रकारिता की बहुआयामी विधाओं में 17 वर्ष से अधिक का अनुभव रखते हैं। प्रतिष्ठित दिल्ली विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में द्विवर्षीय पीजी डिप्लोमा की डिग्री लेकर वर्ष 2008 से पत्रकारिता की शुरू हुई यात्रा अनवरत जारी है। करियर के एक छोर पर नोएडा तो दूसरे पर दिल्ली है जबकि बीच में पटना और रांची का पड़ाव प्राप्त हुआ है। नवीन नोएडा, पटना, रांची, फिर नोएडा के विभिन्न मीडिया संस्थानों का हिस्सा रहने के बाद मिंट हिंदी से जुड़कर दिल्ली पहुंचे हैं। पूरे पत्रकारीय जीवन में डिजिटल मीडिया का अनुभव सबसे ज्यादा रहा है। पिछला संस्थान नवभारत टाइम्स ऑनलाइन रहा जिसका एक दशक से भी ज्यादा लंबा और बहुत सुहावना साथ रहा। एनबीटी में मेन डेस्क का हिस्सा रहते हुए राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों पर लंबे समय तक काम किया। बीच में तीन वर्ष बिजनेस सेक्शन को लीड करने में बीते। फिर एआई का दौर आया तो इकनॉमिक टाइम्स, टाइम्स ऑफ इंडिया और नवभारत टाइम्स की ओर से 5-5 सदस्यों की टीम बनाई गई। नवीन ने एनबीटी की टीम की अगुवाई करते हुए तीन वर्षों तक न्यूज रूम में एआई की उपयोगिता पर लंबा रिसर्च किया और कई प्रॉजेक्ट्स जमीन पर उतारे। इस दौरान उन्हें संस्था से इनोवेटिव माइंड का अवॉर्ड भी हासिल हुआ। हमेशा नयेपन की खोज में जुटे रहकर नवीन अपने नाम को सार्थक करने को आज भी प्रयासरत हैं। मिंट हिंदी का संपादकीय नेतृत्व करते हुए बिजनेस के विभिन्न आयामों को छूते हुए राजनीति, कानून, कूटनीति, अंतरराष्ट्रीय संबंध, अर्थव्यवस्था समेत विभिन्न विषयों पर लेख और विचार यहां प्रकाशित करते रहेंगे।

Get Latest real-time updates

Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.

होमट्रेंड्सकल का मौसम: दिल्ली में कल कैसा रहेगा मौसम? आधे भारत में बारिश का अनुमान
More