नई दिल्ली: देश की राजधानी दिल्ली में शनिवार को अधिकतम और न्यूनतम तापमान में मामूली बढ़ोतरी दर्ज की गई, जबकि शहर के कुछ हिस्सों में छिटपुट बारिश हुई। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अगले दो दिनों तक भी बहुत हल्की से हल्की बारिश जारी रहने का पूर्वानुमान जताया है। इसके बाद के दिनों में कहीं-कहीं मध्यम बारिश होने की संभावना है। सफदरजंग मौसम केंद्र में न्यूनतम तापमान 27.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.4 डिग्री अधिक और पिछले दिन के मुकाबले 0.4 डिग्री अधिक रहा। वहीं, अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.1 डिग्री अधिक और शुक्रवार की तुलना में 1.4 डिग्री अधिक रहा।
दिल्ली में तापमान की स्थिति
इस बीच, पालम में न्यूनतम तापमान 25.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो एक दिन पहले की तुलना में 0.2 डिग्री अधिक था और अधिकतम तापमान 33.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो एक दिन पहले से 0.9 डिग्री ज्यादा था। लोदी रोड में न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो शुक्रवार के मुकाबले 0.2 डिग्री अधिक रहा। वहीं, आयानगर में न्यूनतम तापमान 24.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पिछले दिन की तुलना में 1.1 डिग्री अधिक था।
मंगलवार-बुधवार के लिए येलो अलर्ट
IMD के आंकड़ों के मुताबिक , शुक्रवार और शनिवार के बीच की रात और शनिवार को दिनभर शहर के कई हिस्सों में छिटपुट बारिश दर्ज की गई। सफदरजंग में शनिवार तड़के 2:30 बजे से 5:30 बजे के बीच एक मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। हालांकि इसके बाद शाम 5:30 बजे तक वहां बारिश नहीं हुई। अन्य मौसम केंद्रों पर भी हल्की बारिश दर्ज की गई। आईएमडी ने रविवार और सोमवार को भी बहुत हल्की से हल्की बारिश जारी रहने का पूर्वानुमान जताया है।
तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश का अनुमान
इस बीच, विभाग ने मंगलवार और बुधवार के लिए येलो अलर्ट जारी करते हुए मध्यम बारिश की संभावना व्यक्त की है। आईएमडी के एक अधिकारी ने बताया, "रविवार और सोमवार को अलग-अलग स्थानों पर बहुत हल्की से हल्की बारिश होने की संभावना है। इस दौरान 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से सतही हवाएं चल सकती हैं, जिनकी गति झोंकों के साथ 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।" आईएमडी के पूर्वानुमान के अनुसार, रविवार को अधिकतम तापमान 33 से 35 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 25 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।
सीपीसीबी के मानकों के अनुसार, शून्य से 50 के बीच AQI को अच्छा, 51 से 100 के बीच संतोषजनक, 101 से 200 के बीच मध्यम, 201 से 300 के बीच खराब, 301 से 400 के बीच बहुत खराब और 401 से 500 के बीच गंभीर श्रेणी में रखा जाता है।