Delhi Weather Update: दिल्ली वालों के लिए राहत की खबर, बारिश और ठंडी हवाओं से कम हुई गर्मी

दिल्ली में मंगलवार सुबह हल्की बारिश से मौसम सुहावना हो गया और तापमान सामान्य से नीचे दर्ज किया गया। आईएमडी ने अगले दो दिनों तक आंधी, तेज हवाओं और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। वहीं, राजधानी का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 148 रहा, जो मध्यम श्रेणी में आता है।

Manali Rastogi( विद इनपुट्स फ्रॉम Bhasha)
अपडेटेड16 Jun 2026, 01:02 PM IST
दिल्ली-NCR
दिल्ली-NCR

नई दिल्ली: दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में मंगलवार सुबह मौसम ने अचानक करवट ली और हल्की बारिश देखने को मिली। बारिश की वजह से लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली। इस दौरान राजधानी का न्यूनतम तापमान 25.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब 1.8 डिग्री कम रहा।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने चेतावनी दी है कि आने वाले कुछ घंटों में दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में तेज आंधी और बारिश हो सकती है। विभाग के अनुसार, गरज-चमक के साथ चलने वाली हवाओं की गति 60 किलोमीटर प्रति घंटे से भी अधिक पहुंच सकती है।

यह भी पढ़ें | 19 राज्यों में आंधी-तूफान का खतरा, 90 KMPH की रफ्तार से चलेंगी हवाएं

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि यह बदलाव मध्य पाकिस्तान और उसके आसपास बने चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव के कारण हुआ है। इसी वजह से क्षेत्र में बादल छाए हुए हैं और बारिश की गतिविधियां बढ़ी हैं।

दिल्ली के विभिन्न मौसम केंद्रों पर तापमान सामान्य से कम दर्ज किया गया। पालम में न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 3.8 डिग्री कम है। वहीं लोधी रोड में तापमान 23.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो औसत से 4.4 डिग्री कम रहा।

इसके अलावा रिज क्षेत्र में न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस और आयानगर में 23.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। दोनों स्थानों पर तापमान सामान्य से नीचे रहा।

आईएमडी के मुताबिक दिन के समय अधिकतम तापमान लगभग 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। हालांकि बादलों और बारिश की वजह से लोगों को भीषण गर्मी से कुछ राहत मिलने की संभावना है।

यह भी पढ़ें | परिणीति का शिव स्तोत्र इंटरनेट पर छाया, प्रेग्नेंसी के दौरान किया था रिकॉर्ड

मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले दो दिनों तक ऐसा ही मौसम बना रह सकता है। इस दौरान हल्की से मध्यम बारिश, तेज हवाएं और गरज-चमक की गतिविधियां जारी रहने की उम्मीद है।

वहीं, हवा की गुणवत्ता की बात करें तो केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार मंगलवार सुबह नौ बजे दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 148 दर्ज किया गया। यह स्तर 'मध्यम' श्रेणी में आता है।

सीपीसीबी के मानकों के अनुसार 0 से 50 के बीच एक्यूआई को अच्छा, 51 से 100 को संतोषजनक, 101 से 200 को मध्यम, 201 से 300 को खराब, 301 से 400 को बहुत खराब और 401 से 500 के बीच के स्तर को गंभीर श्रेणी में रखा जाता है।

Get Latest real-time updates

Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.

होमट्रेंड्सDelhi Weather Update: दिल्ली वालों के लिए राहत की खबर, बारिश और ठंडी हवाओं से कम हुई गर्मी
More