Delhi-Dehradun Expressway: देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 14 अप्रैल को दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का उद्घाटन किया। करीब 210 किलोमीटर लंबे इस ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे के शुरू होने से दिल्ली से देहरादून की दूरी अब 6 घंटे से घटकर महज ढाई से तीन घंटे में तय की जा सकती है। इस इकोनॉमिक कॉरिडोर की सबसे बड़ी खासियत है 12 किलोमीटर लंबा वाइल्डलाइफ एलिवेटेड कॉरिडोर है। यह एशिया के सबसे लंबे ऐसे कॉरिडोरों में से एक है। इसी बीच उत्तराखंड परिवहन निगम (UTC) ने इस नए कॉरिडोर से चलने वाली बसों के किराए में काफी कटौती करने का ऐलान किया है। इससे पब्लिक ट्रांसपोर्ट से सफर करने वाले यात्रियों को काफी राहत मिलेगी।
उत्तराखंड परिवहन निगम (रोडवेज) दिल्ली - देहरादून एक्सप्रेसवे पर इलेक्ट्रिक बसों के संचालन की तैयारी में है। प्रदूषण मुक्त और हाईटेक यात्रा को बढ़ावा देने के लिए मैनेजमेंट की ओर से 25 नई इलेक्ट्रिक बसों की खरीद का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। इस कदम से दिल्ली से देहरादून का सफर सुहाना हो जाएगा। इलेक्ट्रिक बसें पर्यावरण के अनुकूल होंगी।
एक बार फुल चार्ज में 250 किमी तक चलेगी इलेक्ट्रिक बसें
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इलेक्ट्रिक बस को एक बार फुल चार्ज करने पर 250 किमी तक की दूरी तय की जा सकती है। ऐसे में बसों को बीच रास्ते में चार्ज करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। उत्तराखंड परिवहन निगम (रोडवेज) का कहना है कि इलेक्ट्रिक बसों को चलाने की प्रक्रिया शासन स्तर पर चल रही है।
रोडवेज बसों का किराया घटा
उत्तराखंड परिवहन निगम (UTC) ने इस नए कॉरिडोर से चलने वाली बसों के किराए में काफी कटौती करने का ऐलान किया है। इससे पब्लिक ट्रांसपोर्ट से सफर करने वाले यात्रियों को काफी राहत मिलेगी।
अब कितना देना होगा किराया?
नए बदलाव के बाद बस किराए में कमी की गई है
- पहले 945 रुपये - अब 709 रुपये
- AC बस 704 - अब 557 रुपये
- साधारण बस - 420 रुपये - अब 355 रुपये
एक्सप्रेसवे क्यों है खास?
यह एक्सप्रेसवे 6 से 12 लेन का है, जिसमें दिल्ली के अक्षरधाम से लोनी तक का हिस्सा 12 लेन का है। इसकी डिजाइन स्पीड 100 किमी/घंटा रखी गई है। इसके साथ ही यह अक्षरधाम से शुरू होकर बागपत, बड़ौत, शामली और सहारनपुर होते हुए देहरादून तक जाता है।
इसके साथ ही 50.7 किलोमीटर लंबा हरिद्वार स्पर भी बनाया गया है, जिससे दिल्ली से हरिद्वार की दूरी लगभग 2 घंटे में पूरी की जा सकती है। इसमें अंबाला को जोड़ने वाला एक और स्पर शामिल है। इसकी खास बात राजाजी राष्ट्रीय उद्यान के बीच से गुजरने वाला 12 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड वाइल्डलाइफ कॉरिडोर है, जो एशिया का सबसे लंबा कॉरिडोर माना जा रहा है।