ट्रेवलिंग के दौरान कैब बुक करना कई बार मुश्किल हो जाता है, खासकर पीक आवर्स में जब मांग बहुत ज़्यादा होती है। हाल ही में एक सोशल मीडिया यूजर्स के बीच इस बात पर बहस छिड़ गई है कि दिल्ली से लेह की फ्लाइट का किराया, गुरुग्राम से ग्रेटर नोएडा की कैब से भी कम पड़ रहा है।
दिल्ली के रहने वाले आरैन्श नाम के एक यूजर ने एयरफेयर और कैब बुकिंग के स्क्रीनशॉट शेयर किए। स्पाइसजेट की दिल्ली-लेह फ्लाइट का किराया 1,540 रुपये था, जबकि उबर कैब ने गुरुग्राम से ग्रेटर नोएडा तक 1,952.61 रुपये दिखाए।
उन्होंने X (पहले ट्विटर) पर लिखा, “आज दिल्ली से लद्दाख उड़कर जाना, गुरुग्राम से ग्रेटर नोएडा की कैब लेने से सस्ता है।” पोस्ट वायरल होते ही कुछ लोगों ने कैब के बढ़े हुए किरायों पर नाराजगी जताई, तो कुछ ने बताया कि लद्दाख में ऑफ-सीजन होने के कारण फ्लाइट सस्ती मिली।
एक यूजर ने लिखा, “मेट्रो शहरों में रश आवर्स में ऐप टैक्सी ड्राइवर खूब कमाते हैं।” दूसरे ने कहा, “शायद अभी दिल्ली से उड़ जाना ही बेहतर विकल्प है।” एक तीसरे ने कमेंट किया, “ये तो ऑफ-सीजन की कीमतें हैं। सीजन में दाम देखना। फरवरी और मार्च में फिर पोस्ट करना। क्या टैक्सियों के भी ऑफ-सीजन रेट होते हैं?”
चौथे यूजर ने लिखा: “नवंबर से फरवरी तक लेह के टिकट हमेशा इतने सस्ते मिलते हैं। कोई रॉकेट साइंस नहीं है। केवल बर्फ में एडवेंचर करने वाले ही वहां जाते हैं!”