फिल्म धुरंधर के ऐक्टर नदीम खान रेप केस में अरेस्ट हो गए हैं। उन पर घरेलू सहायिका ने ही बलात्कार करने का आरोप लगाया है। खबर है कि 22 जनवरी को ही नदीम खान को गिरफ्तार किया गया था, लेकिन इसकी जानकारी अब सार्वजनिक हुई है।
धुरंधर में निभाई थी अखलाक की भूमिका
41 वर्षीय नदीम खान ने ब्लॉकबस्टर मूवी धुरंधर में अखलाक की भूमिका निभाई थी। अखलाक फिल्म में रहमान डकैत का रसोइया था जिसने गद्दारी की थी। रहमान डकैत को जल्द ही भनक लग जाती है कि उसके घेरे में कोई 'विभीषण' है। वह एक जाल बिछाता है जिससे अखलाक का पर्दाफाश हो जाता है।
शादी का झांसा देकर रेप करने का आरोप
डोमेस्टिक हेल्प का आरोप है कि नदीम खान करीब एक दशक से उनका लगातार रेप कर रहे थे। ऐसा वह शादी करने का झांसा देकर किया करते थे। नदीम खान फिल्म इंडस्ट्री के पिछले कई वर्षों से काम कर रहे हैं। उन्होंने फिल्मों के अलावा टेलिविजन और ओटीटी के लिए भी काम किया है। नदीम खान ज्यादातर सपोर्टिव रोल में ही नजर आए हैं।
मशहूर हस्तियों के साथ काम कर चुके हैं नदीम खान
हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, नदीम खान ने अमिताभ बच्चन, असरानी, आदिल हुसैन और संजय मिश्रा जैसे स्टार्स के साथ काम किया है। उनके सोशल मीडिया हैंडल पर बॉलिवुड की महान हस्तियों के साथ की पुरानी तस्वीरें भरी पड़ी हैं। कृति सेनन और पंकज त्रिपाठी की 'मीमी' जबकि नीना गुप्ता और संजय मिश्र के 'वध' और 'मुखबिर' जैसी फिल्मों में किरदार निभा चुके हैं।