Russia-Japan Tsunami news: जापान और उसके आसपास एक बार फिर तबाही के संकेत मिल रहे हैं। इसकी शुरुआत रूस से हुई, जहां कामचटका इलाके में बुधवार को 8.8 तीव्रता का जबरदस्त भूकंप आया। इस तेज भूकंप की वजह से समुद्र में बड़ी हलचल हुई, जिससे जापान तक सुनामी का कहर पैदा हो गया। हैरान करने वाली बात ये है कि रूस और जापान में इन प्राकृतिक आपदाओं की भविष्यवाणी सालों पहले एक जापानी मंगा आर्टिस्ट ने दे दी थी। इस जापानी आर्टिस्ट का नाम 'रियो तात्सुकी' है, जिन्हें अब लोग ‘नए बाबा वेंगा’ के नाम से पहचानने लगे हैं।
कब और कैसे की थी भविष्यवाणी?
साल 1999 में रियो तात्सुकी की "वाताशी गा मिता मिराई (The Future I Saw)" में साफ तौर पर जुलाई 2025 में एक बड़ी आपदा की बात की गई थी। कई लोगों ने तो इसी वजह से जुलाई में जापान की यात्रा टाल दी थी। अब जब हकीकत में भूकंप आया है और सुनामी की लहरें जापान तक पहुंच चुकी हैं, तो लोग सवाल भी पूछ रहे हैं। क्या ये सिर्फ इत्तेफाक है या सच में बाबा वेंगा को इस आपदा की भनक पहले ही लग गई थी।
सोशल मीडिया रिएक्शन
सोशल मीडिया पर अब इस भविष्यवाणी को लेकर काफी बातें हो रही हैं। एक यूजर ने लिखा, “ये तारीख पूरी तरह सही नहीं थी, पर रेस्पेक्ट बनती है।” कई लोग अब उनके पुराने पन्ने फिर से पलट रहे हैं। एक अन्य यूजर ने लिखा, "रूस के तट पर आए 8.8 तीव्रता के जबरदस्त भूकंप के बाद पूरे जापान के समुद्री तट के लिए 3 फीट ऊंची सुनामी की चेतावनी दी गई है। जापानी मंगा भविष्यवक्ता रियो तात्सुकी, जिनकी कॉमिक ‘The Future I Saw’ ने 2011 के भूकंप की भविष्यवाणी की थी, उन्होंने फिर से सच साबित कर दिया! जापान, सुरक्षित रहो।”
एक और शख्स ने चेतावनी देते हुए लिखा, “नई बाबा वेंगा रियो तात्सुकी ने जुलाई 2025 की इस भयंकर सुनामी की भविष्यवाणी कैसे कर दी? अगर आप वेस्ट कोस्ट पर हैं, तो पानी से दूर हो जाइए।” भूकंप के थोड़ी देर बाद ही रूस के कमचटका तट पर 3 से 4 मीटर (यानि करीब 10 से 13 फीट) ऊंची सुनामी की लहरें भी रिकॉर्ड की गईं।
कौन हैं रियो तात्सुकी?
रियो तात्सुकी एक मंगा आर्टिस्ट हैं, जिन्होंने 1999 में एक मंगा कॉमिक बनाई थी- “The Future I Saw (वाताशी गा मिता मिराई)”। इस कॉमिक में उन्होंने दुनिया की कई बड़ी घटनाओं की भविष्यवाणी की थी, जैसे प्रिंसेस डायना की मौत, कोविड महामारी और जापान का 2011 वाला विनाशकारी भूकंप। लेकिन इस बार जो चर्चा में है वो है जुलाई 2025 की चेतावनी, जिसमें उन्होंने जापान में एक बड़ी सुनामी का जिक्र किया था। उन्होंने तारीख तक बताई- 5 जुलाई या उसके आसपास।
बाबा वेंगा से हो रही तुलना
जैसे बुल्गारिया की रहस्यमयी महिला बाबा वेंगा ने कई बार दुनिया की घटनाओं को पहले ही भांप लिया था, वैसे ही अब रियो तात्सुकी की मंगा आर्टिस्ट को लोग गंभीरता से लेने लगे हैं। एक कॉमिक जो पहले सिर्फ कल्पना लगती थी, अब डराने लगी है।
रूस में आए जोरदार भूकंप के झटकों के बाद जापान के तटीय इलाकों में सुनामी की चेतावनी जारी कर दी गई। होकाईडो जैसे इलाकों में लहरें उठी हैं। आजतक की रिपोर्ट के मुताबिक, जापान के तटीय इलाकों के 16 जगहों पर इमरजेंसी सायरन बज रहे हैं। लोगों में जबरदस्त दहशत का माहौल बना हुआ है।
रूस में भूकंप से हिली धरती
रूस में आया ये भूकंप 1952 के बाद से उस इलाके में सबसे ताकतवर माना जा रहा है। ये झटका रूस के सुदूर पूर्वी तटीय शहर पेट्रोपावलोव्स्क-कमचात्स्की से करीब 125 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व में आया। यूएस जियोलॉजिकल सर्वे के मुताबिक ये भूकंप सतह से सिर्फ 19.3 किलोमीटर नीचे आया, यानी ये एक उथला भूकंप था। पहले इसकी तीव्रता 8 बताई गई थी, जिसे बाद में 8.8 बताया गया।