सबा इब्राहिम, जो अभिनेता शोएब इब्राहिम की बहन और अभिनेत्री दीपिका कक्कड़ की ननद हैं, उन्होंने हाल ही में बताया कि उनका मुंबई स्थित रेस्टोरेंट “खुशामदीद” 15–20 दिनों के लिए अस्थायी रूप से बंद रहेगा। इसकी एक वजह गैस सिलेंडर की कमी है, लेकिन इसके अलावा भी एक कारण सामने आया है।
अपने नए व्लॉग में सबा इब्राहिम और उनके पति खालिद नियाज़ ने रेस्टोरेंट बंद करने की वजह बताई। उन्होंने कहा, “ये हमारे लिए और आप सभी के लिए बहुत दुखद खबर है। हमें अपना रेस्टोरेंट बंद करना पड़ रहा है। सबसे बड़ी वजह ये है कि हमें पर्याप्त गैस सिलेंडर नहीं मिल रहे हैं, उनकी बहुत कमी है।”
सबा इब्राहिम ने आगे कहा, “हमें सिलेंडर नहीं मिल रहे हैं, इस वजह से हम लगातार तनाव में थे। ये समस्या सिर्फ हमारे साथ नहीं, आसपास के कई रेस्टोरेंट भी पिछले 2-3 दिनों से बंद हैं। लेकिन हमें उम्मीद है कि कोई न कोई हल जरूर निकलेगा।”
उन्होंने आगे बताया, “जब आप कुछ नया शुरू करते हैं, तो गलतियां होना स्वाभाविक है। हमें शुरुआत में ज्यादा जानकारी नहीं थी और इंटीरियर का काम करने वाले लोग भी नए थे। उन्होंने रेस्टोरेंट को अच्छा लुक दिया, लेकिन पैनलिंग के बीच गैप रह गए, जिससे चूहे अंदर आने लगे। जब हमने ये समस्या देखी, तो समझ आया कि ऐसे रेस्टोरेंट चलाना जोखिम भरा है। इसलिए हमने 15 दिनों के लिए इसे पूरी तरह बंद करने का फैसला किया, जो हमारे लिए बहुत बड़ा निर्णय है।”
उन्होंने अंत में कहा, “संक्षेप में, हमें ‘खुशामदीद’ को 15-20 दिनों के लिए बंद रखना होगा। जब आप अगली बार आएंगे, तो शायद आपको पहले जैसा लुक न दिखे, लेकिन हम पूरी कोशिश करेंगे कि उसे पहले जैसा ही बना सकें।”
जानकारी के लिए बता दें कि सबा इब्राहिम एक बहुत लोकप्रिय यूट्यूबर हैं, जिनके वीडियो पर लाखों व्यूज़ आते हैं। उन्होंने 6 नवंबर 2022 को मुंबई में खालिद नियाज से शादी की थी। उनके व्लॉग्स में उनकी रोजमर्रा की जिंदगी, परिवार के साथ बिताए खास पल और उनकी यात्राओं की झलक देखने को मिलती है।