Diwali Katha in hindi: दिवाली की पूजा में जरूर पढ़ें साहूकार की बेटी की ये कथा, मिलेगी सुख-समृद्धि

Diwali Katha in hindi: आज 20 अक्टूबर को दिवाली मनाई जा रही है। इस दिन लक्ष्मी-गणेश की पूजा के साथ-साथ कथा का भी विशेष महत्व है। यह कथा एक साहूकार की बेटी की है, जिसकी भक्ति से प्रसन्न होकर लक्ष्मी जी ने उसके घर को सुख-समृद्धि से भर दिया। यही कथा दिवाली पर पढ़ी जाती है।

Priya Shandilya
अपडेटेड20 Oct 2025, 04:29 PM IST
दिवाली की कथा
दिवाली की कथा

Mahalakshmi Katha in hindi: आज देशभर में दीपों के त्योहार दिवाली की धूम है। इस दिन मां लक्ष्मी और भगवान गणेश की पूजा का खास महत्व होता है। माना जाता है कि इस दिन मां लक्ष्मी और भगवान गणेश की पूजा करने से घर में सुख-समृद्धि और सौभाग्य का आगमन होता है। इस दिन माता लक्ष्मी और गणेश जी की पूजा के साथ महालक्ष्मी व्रत कथा सुनना भी बेहद शुभ माना जाता है। यह कथा न सिर्फ श्रद्धा और भक्ति से भरी हुई है, बल्कि इसमें छिपा संदेश जीवन में सकारात्मकता, विश्वास और समृद्धि का मार्ग दिखाता है। आइए जानते हैं, दिवाली के दिन पढ़ी जाने वाली यह पौराणिक महालक्ष्मी कथा, जो हर घर में सुख-शांति का आशीर्वाद लेकर आती है।

दिवाली पर मां लक्ष्मी की पौराणिक कथा

बहुत पहले की बात है। एक नगर में एक बड़ा साहूकार रहता था। उसका एक ही बेटी थी बड़ी ही संस्कारी, सरल और ईश्वरभक्त। हर सुबह वह लड़की अपने घर के सामने खड़े पीपल के पेड़ को जल चढ़ाती थी और प्रणाम करती थी। कहा जाता है कि उस पीपल वृक्ष में मां लक्ष्मी का वास था, और उसकी यह भक्ति देखकर देवी लक्ष्मी बेहद प्रसन्न थीं।

एक दिन जब वह कन्या हमेशा की तरह पीपल को जल अर्पित कर रही थी, तभी अचानक एक तेज प्रकाश फैला और मां लक्ष्मी स्वयं उसके सामने प्रकट हो गईं। देवी ने मुस्कुराते हुए कहा, “बेटी, मैं तेरी श्रद्धा और सेवा भाव से बहुत खुश हूं। मैं चाहती हूं कि तू मेरी सहेली बन जाए।” लड़की थोड़ी हिचकिचाई और बोली, “मां, यह मेरे लिए बहुत बड़ा सौभाग्य होगा, लेकिन पहले मैं अपने माता-पिता से पूछ लूं।” घर जाकर उसने सब बात बताई। माता-पिता तो यह सुनकर आनंद से भर उठे, और उन्होंने बेटी को देवी का निमंत्रण स्वीकार करने की अनुमति दे दी।

लक्ष्मीजी के घर का आमंत्रण

कुछ समय बाद, लक्ष्मीजी ने उस कन्या को अपने घर भोजन पर बुलाया। जब वह वहां पहुंची, तो उसने जो देखा, उसकी आंखें चमक उठीं, चारों ओर सोने-चांदी की चमक, सुगंधित फूलों की महक और अपार वैभव। मां लक्ष्मी ने अपनी सहेली को सोने की चौकी पर बैठाया, चांदी के बर्तनों में स्वादिष्ट भोजन कराया और फिर रेशमी वस्त्रों से सजाया। विदा करते समय देवी ने स्नेहपूर्वक कहा, “बेटी, अब कुछ दिनों बाद मैं तेरे घर आऊंगी।” लड़की खुशी से भर गई, लेकिन घर लौटते ही सोच में पड़ गई, “मां लक्ष्मी के पास तो अनगिनत धन-वैभव हैं, मैं उन्हें अपने घर बुलाकर क्या दूंगी?” उसके पिता ने प्यार से कहा, “बेटी, लक्ष्मी मां को धन की नहीं, भक्ति और सच्चे मन से बने स्वागत की जरूरत होती है। घर को अच्छी तरह साफ-सुथरा करना, और प्रेम से भोजन बनाना, यही सबसे बड़ा सत्कार है।”

ऐसा लगता है जैसे भगवान खुद उसकी परीक्षा ले रहे थे। तभी अचानक एक चील आसमान से उड़ती आई और उनके आंगन में नौलखा हार गिराकर चली गई। उस हार को बेचकर लड़की ने अपने घर को सुंदर सजाया, रेशमी वस्त्र और अच्छे पकवान बनाए, और मां लक्ष्मी के स्वागत की पूरी तैयारी कर ली।

मां लक्ष्मी की कृपा

जब मां लक्ष्मी उसके घर आईं, तो बेटी ने उन्हें आदरपूर्वक सोने की चौकी पर बैठने को कहा। देवी मुस्कुराईं और बोलीं, “इस पर तो राजा-रानी बैठते हैं, मैं तो साधारण आसन पर ही बैठूंगी।” और वे जमीन पर बिछे आसन पर बैठ गईं। उन्होंने प्रेम से बनाए गए भोजन को बड़े आनंद से ग्रहण किया और साहूकार के परिवार की भक्ति, सादगी और सच्चाई से बहुत प्रसन्न हुईं। जाते-जाते मां लक्ष्मी ने कहा, “तुम्हारे घर में अब कभी धन की कमी नहीं होगी। जिस घर में सच्चे मन से पूजा और सेवा होती है, वहां मैं सदा वास करती हूं।”

कहा जाता है कि उसी दिन से उस साहूकार के घर में कभी दरिद्रता नहीं आई। हर दीपावली पर मां लक्ष्मी की कृपा वहां बनी रही।

डिस्क्लेमर: इस लेख में दी गई जानकारी धार्मिक ग्रंथों, पंचांगों और सामान्य मान्यताओं पर आधारित है। इसका उद्देश्य सिर्फ आपको जागरूक करना है, मिंट हिंदी इसकी पुष्टि नहीं करता है। कृपया कोई निर्णय लेने से पहले अपनी श्रद्धा और विवेक से काम लें।

Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.

बिजनेस न्यूज़ट्रेंड्सDiwali Katha in hindi: दिवाली की पूजा में जरूर पढ़ें साहूकार की बेटी की ये कथा, मिलेगी सुख-समृद्धि
More
बिजनेस न्यूज़ट्रेंड्सDiwali Katha in hindi: दिवाली की पूजा में जरूर पढ़ें साहूकार की बेटी की ये कथा, मिलेगी सुख-समृद्धि