हैदराबाद की डर्मेटोलॉजिस्ट डॉ. पूजा रेड्डी ने हाल ही में एक दिलचस्प दावा किया है। उनके अनुसार दुनिया में सबसे ज्यादा और सबसे संतुलित फाइबर वाला खाना ओट्स, दालें या हरी सब्जियां नहीं, बल्कि चिया सीड्स हैं। डॉक्टर का कहना है कि सिर्फ 30 ग्राम चिया सीड्स रोज खाने से लगभग 10 ग्राम फाइबर मिलता है, साथ ही ओमेगा-3 फैट, प्रोटीन, कैल्शियम और एंटीऑक्सीडेंट भी मिलते हैं।
कहा जा रहा है कि चिया सीड्स में ओट्स की तुलना में लगभग 10 गुना ज्यादा फाइबर होता है। यह सब्जा सीड्स और बाकी बीजों से भी बेहतर माना जा रहा है। इस वजह से सेहत पर ध्यान देने वाले लोग इसे अपने खाने में शामिल करने लगे हैं। फाइबर सिर्फ पाचन के लिए ही नहीं, बल्कि वजन नियंत्रित रखने, अच्छी गट हेल्थ बनाए रखने और दिल की बीमारियों के जोखिम को कम करने में भी मदद करता है।
चिया सीड्स पोषक तत्वों से भरे होते हैं, इसलिए थोड़ी मात्रा ही काफी लाभ देती है। इनमें फाइबर के साथ-साथ प्लांट बेस्ड प्रोटीन, ओमेगा-3 फैटी एसिड (दिल के लिए अच्छे) और कैल्शियम जैसे मिनरल भी मौजूद होते हैं। इसलिए इन्हें सिर्फ फाइबर फूड नहीं बल्कि एक सुपरफूड माना जा सकता है।
खाने में कैसे करें शामिल?
चिया सीड्स को पकाने की जरूरत नहीं होती। बस इन्हें पानी, दूध या दही में भिगोकर खाया जा सकता है। आप इसे सलाद, दही, फलों, स्मूदी या लस्सी में भी मिला सकते हैं। रोजमर्रा के खाने में थोड़ा सा बदलाव करके फाइबर की कमी आसानी से पूरी की जा सकती है।
क्या कहती हैं डॉक्टर रेड्डी?
डॉ. रेड्डी ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि भिगोए हुए चिया सीड्स पानी सोखकर जेल जैसा रूप ले लेते हैं। यह जेल आंतों की सफाई करने में मदद करता है, जैसे एक नैचुरल झाड़ू की तरह। इससे क्रॉनिक कब्ज में राहत, गट की सफाई और नियमित मल त्याग में मदद मिल सकती है।
वह कहती हैं कि जिन लोगों को पाचन से जुड़ी समस्याएं होती हैं या बार-बार कब्ज की शिकायत रहती है, वे दवाओं और महंगे सप्लीमेंट्स के बजाय अपनी डाइट में चिया सीड्स शामिल करके फायदा पा सकते हैं।
जानिए चिया सीड्स खाने के तरीके
1. भिगोकर पिएं: 1–2 चम्मच चिया सीड्स को पानी या दूध में 3–4 घंटे (या रातभर) भिगो दें। रात में पीने से सुबह तक पेट भरा महसूस हो सकता है और पाचन भी सुधरता है।
2. नाश्ते के साथ: ओट्स, पोरीज, दही या फ्रूट सैलेड पर ऊपर से छिड़कें फाइबर और प्रोटीन दोनों बढ़ेंगे।
3. स्मूदी या लस्सी में: फलों या सब्ज़ियों के साथ ब्लेंड कर लें, ये स्वादिष्ट और पौष्टिक ड्रिंक बन जाता है।
4. भारतीय खाने में मिलाकर: दही वाले व्यंजनों में डालें या हल्का-सा पुडिंग बनाएं, ये पारंपरिक खाने में आधुनिक पोषण जोड़ने का आसान तरीका है।
(डिस्क्लेमर: ये सलाह सामान्य जानकारी के लिए दी गई है। कोई फैसला लेने से पहले विशेषज्ञ से करें। मिंट हिंदी किसी भी परिणाम के लिए जिम्मेदारी नहीं है।)