
America Raises Tariff from 10 to 15 Percent: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ग्लोबल ट्रेड को लेकर एक बड़ा और चौंकाने वाला ऐलान किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए कहा कि अमेरिका अब तत्काल प्रभाव से दुनिया भर के देशों पर लागू 10 प्रतिशत टैरिफ को बढ़ाकर 15 प्रतिशत करने जा रहा है। यह फैसला न केवल अमेरिकी व्यापार नीति में बड़ा बदलाव है, बल्कि अंतरराष्ट्रीय बाजारों पर भी इसका असर साफ दिखाई देगा।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ट्रूथ पर लिखा कि सुप्रीम कोर्ट ने कल टैरिफ को लेकर जो फैसला दिया है, वो बेहद हास्यास्पद और अमेरिका-विरोधी है। मैंने इस पर महीनों तक विचार किया और गहराई से समीक्षा की। अब बताना चाहता हूं कि अमेरिका के राष्ट्रपति के तौर पर मैं तुरंत प्रभाव से दुनिया भर के देशों पर लागू 10% टैरिफ को बढ़ाकर 15% कर रहा हूं।
कई देश दशकों से अमेरिका का फायदा उठाते रहे हैं और अब तक उन्हें कोई जवाब नहीं मिला था। लेकिन अब यह टैरिफ पूरी तरह कानूनी रूप से मान्य स्तर पर बढ़ा दिया जाएगा। आने वाले महीनों में मेरी टीम नए और कानूनी रूप से अनुमत टैरिफ़ तय करेगी और लागू करेगी। ये कदम हमारे अभियान Make America Great Again को और मजबूत बनाएगा और अमेरिका पहले से भी ज्यादा महान बनेगा। इस विषय पर ध्यान देने के लिए धन्यवाद।
ग्लोबल टैरिफ को बढ़ाने के ऐलान से पहले अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने भारत-यूएस डील पर बड़ा बयान दिया था। उन्होंने कहा था कि आयातित वस्तुओं पर लगाए जाने वाले आपातकालीन करों के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट के फैसले से कोई असर नहीं पड़ेगा और भारत आयात शुल्क देना जारी रखेगा जबकि अमेरिका को कोई शुल्क नहीं देना है। उन्होंने कहा कि भारत-अमेरिका व्यापारिक समझौता जारी है।
डोनाल्ड ट्रंप ने यहां मीडिया से बात करते हुए कहा कि मुझे लगता है कि भारत के साथ मेरे रिश्ते बहुत अच्छे हैं और हम उसके साथ व्यापार जारी रखे हुए हैं। भारत रूस से बाहर निकल गया। भारत अपना तेल रूस से ले रहा था और वह मेरे कहने पर बहुत पीछे हट गया क्योंकि हम उस संघर्ष को खत्म करना चाहते हैं जिसमें हर महीने 25,000 लोग मर रहे हैं।
अमेरिका और भारत ने फरवरी की शुरुआत में घोषणा की कि उन्होंने अंतरिम व्यापारिक समझौते के लिए एक ढ़ांचा बना लिया है। ट्रंप ने एक आदेश जारी किया, जिसमें रूस की तेल खरीद के लिए भारत पर लगाया गया 25 प्रतिशत दंडात्मक आयात शुल्क हटा दिया गया और जवाबी आयात शुल्क को 25 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत कर दिया गया। श ट्रंप ने दावा किया कि नयी दिल्ली ने मॉस्को से ऊर्जा आयात बंद करने और अमेरिकी ऊर्जा वस्तुओं को खरीदने का वादा किया है।
उनसे जब पूछा गया कि क्या अदालत के फैसले से भारत के साथ व्यापारिक समझौते पर असर पड़ेगा, तो ट्रंप ने जवाब दिया, 'कुछ नहीं बदलेगा।' उन्होंने कहा कि वह आयात शुल्क देगा लेकिन हम कोई आयात शुल्क नहीं देंगे। यह पहले जैसा नहीं है, जैसा कि आप जानते हैं। भारत और मुझे लगता है कि प्रधानमंत्री मोदी एक महान व्यक्ति हैं।
बता दें कि शुक्रवार को अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट ने डोनाल्ड ट्रंप के टैरिफ को असंवैधानिक करार दे दिया था। इसके बाद से ही ट्रंप प्लान B के बारे में सोच रहे थे और अभी कुछ देर पहले ही उन्होंने टैरिफ का बम फोड़ दिया है। उन्होंने कहा कि अब सभी देशों पर टैरिफ 10 प्रतिशत से बढ़ाकर 15 प्रतिशत कर दिया गया है। अब देखना होगा कि क्या ट्रंप के इस टैरिफ की भारतीय शेयर बाजार पर क्या असर पड़ता है।
Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.
Oops! Looks like you have exceeded the limit to bookmark the image. Remove some to bookmark this image.