ईरान मत भेजिए, वो मार दी जाएंगी… ट्रंप ने ईरानी महिला खिलाड़ियों के लिए ऑस्ट्रेलिया से लगाई गुहार

अमेरिका ईरान की राष्ट्रीय महिला फुटबॉल टीम को अपने यहां शरण देने को तैयार है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने आज ट्रुथ सोशल पर यह ऐलान करते हुए ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री से एक अपील की है। 

Naveen Kumar Pandey
अपडेटेड9 Mar 2026, 09:21 PM IST
ईरान की महिला फुटबॉल टीम ने नहीं गाया राष्ट्रीय गान
ईरान की महिला फुटबॉल टीम ने नहीं गाया राष्ट्रीय गान

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान की महिला फुटबॉल खिलाड़ियों को अमेरिका में संरक्षण देने की बात कही है। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज से अपील की कि वो ईरान की महिला खिलाड़ियों को अपने देश में संरक्षण दें क्योंकि उन्हें ईरान में जान का खतरा है। ट्रंप ने यहां तक कहा कि अगर ऑस्ट्रेलिया ईरानी खिलाड़ियों को अपने यहां सुरक्षित रखने को तैयार नहीं है तो वह उन्हें अमेरिका में शरण देंगे।

‘ट्रंप ने ऑस्ट्रेलियाई पीएम से क्या कहा, जानिए

राष्ट्रपति ट्रंप ने सोशल मीडिया मंच ट्रुथ सोशल पर लिखा, 'ईरान की राष्ट्रीय महिला फुटबॉल टीम को जबरन ईरान जाने को मजबूर कर ऑस्ट्रेलिया एक बड़ा मानवीय भूल कर रहा है। पूरी आशंका है कि इन खिलाड़ियों की ईरान में हत्या कर दी जाएगी। प्रधानमंत्री महोदय, ऐसा नहीं करें बल्कि उन्हें शरण दें।' ट्रंप ने आगे लिखा, 'अगर आप शरण नहीं देंगे तो अमेरिका उन्हें ले लेगा। इस मुद्दे पर गौर करने के लिए धन्यवाद।'

ईरानी महिला खिलाड़ियों ने नहीं गाया राष्ट्रगान

ध्यान रहे कि ईरान की राष्ट्रीय महिला फुटबॉल टीम ने ऑस्ट्रेलिया में मैच से पहले होने वाले राष्ट्र गान के कार्यक्रम में हिस्सा तो लिया था, लेकिन टीम की किसी सदस्य ने राष्ट्र गान नहीं गाया था। यह महिला टीम का ईरान की तानाशाही शासन के खिलाफ विरोध का अपना तरीका था। इस घटना के बाद महिला खिलाड़ियों की हिम्मत के लिए उन्हें दुनियाभर से बधाइयां मिलीं, लेकिन ईरान में शासन के समर्थकों और मीडिया में इन खिलाड़ियों के प्रति आक्रोश भी दिखा।

ईरान की राष्ट्रीय महिला फुटबॉल टीम को जबरन ईरान जाने को मजबूर कर ऑस्ट्रेलिया एक बड़ा मानवीय भूल कर रहा है। पूरी आशंका है कि इन खिलाड़ियों की ईरान में हत्या कर दी जाएगी। प्रधानमंत्री महोदय, ऐसा नहीं करें बल्कि उन्हें शरण दें। अगर आप शरण नहीं देंगे तो अमेरिका उन्हें ले लेगा।- डोनाल्ड ट्रंप, राष्ट्रपति, अमेरिका

एशिया कप टूर्नामेंट के दौरान खिलाड़ियों का मौन विरोध

ऑस्ट्रेलिया में एशिया कप फुटबॉल टूर्नामेंट का आयोजन हुआ। 2 मार्च को ईरानी फुटबॉल टीम का मुकाबला साउथ कोरिया से था। मैच से पहले पूरी ईरानी महिला टीम राष्ट्रगान के दौरान सीधी खड़ी रही, लेकिन उसने राष्ट्रगान नहीं गाया, जिसे शासन के खिलाफ एक मौन विरोध माना गया। इस कदम के बाद, ईरानी सरकारी टेलीविजन पर एक कमेंटेटर ने टीम को 'देशद्रोही' और 'युद्धकालीन गद्दार' कहा। इसके बाद, ऑस्ट्रेलिया में टीम की बस को समर्थकों ने घेरकर 'हमारी लड़कियों को बचाओ' के नारे लगाए।

ईरानी खिलाड़ियों की हिफाजत की चिंता

तब से ईरानी महिला खिलाड़ियों की सुरक्षा का मुद्दा उठने लगा। ईरान के निर्वासित क्राउन प्रिंस रजा पहलवी, हैरी पॉटर की लेखिका जे.के. रॉलिंग से लेकर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इन ईरानी महिला खिलाड़ियों को ईरान से बाहर शरण देने की मांग उठाई।

रजा पहलवी ने सोशल मीडिया पर कहा, 'ईरानी महिला राष्ट्रीय फुटबॉल टीम की प्लेयर्स इस्लामिक गणराज्य से काफी दबाव और लगातार खतरे में हैं। मैं ऑस्ट्रेलियाई सरकार से उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने और उन्हें सभी आवश्यक सहायता देने का आह्वान करता हूं।' वहीं, जे.के. राउलिंग ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, 'प्लीज, इन युवा महिलाओं की रक्षा करें।'

उधर, एमनेस्टी इंटरनैशनल कैंपेनर जकी हैदरी ने कहा कि अगर उन्हें ईरान वापस भेज दिया गया तो उन्हें उत्पीड़न का सामना करना पड़ेगा, या इससे भी बदतर हो सकता है। हैदरी ने न्यूज एजेंसी एएफपी से कहा, 'इनमें से कुछ टीम के सदस्यों के परिवारों को पहले ही धमकी मिल चुकी होगी... वे वापस जा रही हैं... कौन जानता है कि उन्हें किस तरह की सजा मिलेगी?'

यह भी पढ़ें | हमले के बाद भी ईरान विदेशों में कर रहा है धड़ल्ले से पेमेंट, जानिए क्या है रहस्य

ईरान पर अमेरिका-इजरायल के हमले के एक दिन बाद ही हुआ यह वाकया

ध्यान रहे कि अमेरिका और इजरायल ने 28 फरवरी को ईरान पर सैन्य हमला शुरू किया था। उसके एक दिन बाद ही ऑस्ट्रेलिया में ईरानी खिलाड़ियों ने राष्ट्र गाने से इनकार किया था।

Get Latest real-time updates

Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.

होमट्रेंड्सईरान मत भेजिए, वो मार दी जाएंगी… ट्रंप ने ईरानी महिला खिलाड़ियों के लिए ऑस्ट्रेलिया से लगाई गुहार
More
होमट्रेंड्सईरान मत भेजिए, वो मार दी जाएंगी… ट्रंप ने ईरानी महिला खिलाड़ियों के लिए ऑस्ट्रेलिया से लगाई गुहार