School Closed: छत्तीसगढ़ में तापमान लगातार बढ़ता जा रहा है। अप्रैल महीन में ही लू चलने लगी है। राज्य में भीषण गर्मी से हाहाकार मचा हुआ है। ऐसे में राज्य सरकार ने समय से पहले स्कूलों में गर्मी की छुट्टियों की घोषणा कर दी है। आमतौर पर राज्य में ग्रीष्मकालीन अवकाश मई की शुरुआत से लागू होता है, लेकिन इस बार मौसम की गंभीर स्थिति को देखते हुए इसे पहले लागू करने का फैसला लिया गया है। राज्य में 20 अप्रैल से स्कूल बंद हो जाएगा। सरकार का यह आदेश सरकारी और प्राइवेट स्कूल दोनों में लागू होगा।
छत्तीसगढ़ सरकार ने 20 अप्रैल से 15 जून तक स्कूल बंद करने का ऐलान किया है। राज्य में सामान्य शैक्षणिक कैलेंडर के अनुसार गर्मी की छुट्टियां 1 मई से 15 जून तक यानी करीब 46 दिन तक स्कूल बंद रहते हैं। अनुदान प्राप्त विद्यालयों पर भी यह आदेश सख्ती से लागू होगा।
स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र बोले- बच्चों के स्वास्थ्य के साथ कोई समझौता नहीं..
स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने बताया कि बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा के साथ कोई समझौता नहीं किया जा सकता। दोपहर की भीषण गर्मी और हीटवेव के खतरे को देखते हुए यह फैसला लिया गया है। आपको बता दें कि इस बार छत्तीसगढ़ में गर्मी ने अप्रैल के महीने में ही रिकॉर्ड तोड़ना शुरू कर दिया है, जिससे अभिभावक भी काफी चिंतित थे।
छात्रों की सुरक्षा बनी प्राथमिकता
सरकार और शिक्षा विभाग ने साफ किया है कि यह फैसला छात्रों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। लगातार बढ़ते तापमान और लू (Heatwave) के खतरे को देखते हुए स्कूलों में नियमित कक्षाएं चलाना जोखिम भरा हो सकता था। विशेषज्ञों के अनुसार, बच्चों पर गर्मी का असर जल्दी पड़ता है। इससे डिहाइड्रेशन, थकान और अन्य स्वास्थ्य समस्याएं हो सकती हैं। ऐसे में स्कूल बंद करना एक एहतियाती कदम माना जा रहा है।
देशभर में बदल रहा ट्रेंड
भारत के कई राज्यों में भीषण गर्मी के दौरान स्कूलों की छुट्टियां पहले घोषित करने का ट्रेंड बढ़ रहा है। आम तौर पर देशभर में गर्मी की छुट्टियां मई और जून के बीच रखी जाती हैं, ताकि पीक हीट से बचा जा सके। लेकिन जलवायु परिवर्तन और तापमान में लगातार बढ़ोतरी के चलते अब राज्य सरकारें लचीला रुख अपना रही हैं और जरूरत के अनुसार छुट्टियों की तारीखों में बदलाव कर रही हैं।
छत्तीसगढ में आज से लू का अलर्ट
राजधानी समेत प्रदेश के कई इलाकों में 16 से 19 अप्रैल तक लू चल सकती है। अगले तीन दिनों में अधिकतम तापमान 2 से 3 डिग्री बढ़ सकता है। बुधवार को राजनांदगांव सबसे ज्यादा गर्म रहा। वहां अधिकतम तापमान 43 डिग्री रहा। इसकी तुलना में रायपुर में पारा 41.7 डिग्री रहा। पिछले 24 घंटे में राजधानी में पारा एक डिग्री चढ़ गया। जबकि प्रदेश में 2 से 3 डिग्री की बढ़ोत्तरी हुई है। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग ने एडवाइजरी जारी कर लोगों को सतर्क किया है।