
Election Press Conference Live: चुनाव आयोग ने असम, केरल, पुडुचेरी, तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल में चुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया है। पांच राज्यों के लिए मतदान की प्रक्रिया चार दिनों में पूरी हो जाएगी और 4 मई को इन सभी राज्यों में मतगणना की प्रक्रिया भी पूरी हो जाएगी। असम, केरल और पुडुचेरी में 9 अप्रैल को मतदान करवा लिए जाएंगे। वहीं, तमिलनाडु में 23 अप्रैल को मतदान होगा। इन पांच में से अकेले पश्चिम बंगाल ही है जहां दो चरणों में मतदान होंगे। पश्चिम बंगाल की 152 सीटों के लिए पहले चरण में तमिलनाडु के साथ ही 23 अप्रैल को मतदान होगा। वहीं, दूसरे चरण में 142 सीटों पर 29 अप्रैल को वोटिंग होगी।
ECI Press Conference: भारत निर्वाचन आयोग ने असम, केरल, पुडुचेरी, तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल में होने वाले विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया है। चुनाव कार्यक्रम के अनुसार असम, केरल और पुडुचेरी में एक ही दिन यानी 9 अप्रैल को मतदान कराया जाएगा। इसके बाद तमिलनाडु में वोटिंग 23 अप्रैल को होगी।
वहीं पश्चिम बंगाल एकमात्र ऐसा राज्य है जहां चुनाव दो चरणों में होंगे। यहां पहले चरण में 152 सीटों पर 23 अप्रैल को मतदान कराया जाएगा, जबकि दूसरे चरण में 142 सीटों पर 29 अप्रैल को वोट डाले जाएंगे। इस तरह पांचों राज्यों में मतदान की प्रक्रिया तय तारीखों पर पूरी कर ली जाएगी और सभी राज्यों की मतगणना 4 मई को की जाएगी।
समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि चुनाव आयोग पर कई बार सवाल खड़े हुए हैं। चाहे SIR को लेकर भेदभाव हो, उपचुनाव में सरकार ने जैसे वोट को लूटा था, तमाम सवाल खड़े हुए हैं इसलिए चुनाव आयोग जब आज कई राज्यों में चुनाव की घोषणा करने जा रहा है तो चुनाव आयोग यह भरोसा दिलाए कि निष्पक्ष चुनाव होगा और कहीं किसी के साथ भेदभाव नहीं होगा... यह संवैधानिक संस्था है, उनकी जिम्मेदारी बनती है कि उनकी विश्वसनीयता पर कोई सवाल न खड़े हो।
उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री संजय निषाद ने कहा कि हम सभी राज्यों में जीतेंगे क्योंकि राज्य और केंद्र में जब समान सरकार होती है तो प्रदेश में विकास होता है, प्रदेश आत्मनिर्भर होता है इसलिए सभी राज्यों में NDA की सरकार बन रही है क्योंकि लोगों को विकास चाहिए।
केरल के मंत्री वी. शिवनकुट्टी ने रविवार को कहा कि राज्य में सत्तारूढ़ मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) की आगामी विधानसभा चुनावों के लिए तैयारियां पूरी हो चुकी हैं और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को राज्य में अपना खाता तक खोलने नहीं दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि हमारी चुनाव संबंधी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं और पार्टी कार्यकर्ता जमीनी स्तर पर सक्रिय हैं। उम्मीदवारों की घोषणा जल्द ही की जा सकती है, जिसके बाद चुनाव प्रचार का दौर शुरू हो सकता है।
असम विधानसभा का कार्यकाल 20 मई को, केरल विधानसभा का 23 मई को, तमिलनाडु विधानसभा का 10 मई को और पश्चिम बंगाल विधानसभा का सात मई को तथा पुडुचेरी विधानसभा का कार्यकाल 15 जून को समाप्त हो रहा है। इन तिथियों से पूर्व वहां नयी विधानसभा का गठन किया जाना है।
भाजपा सांसद के. सुधाकर ने चुनाव आयोग द्वारा आज चुनाव वाले राज्यों के लिए चुनाव कार्यक्रम की घोषणा किए जाने की संभावना पर कहा कि इस देश में चुनाव संघीय ढांचे व प्रजातंत्र को मजबूत करने की एक निरंतर व्यवस्था होती है। चुनाव आयोग देश के लिए कोई भी घोषणा करे, हम तैयार हैं। भाजपा पार्टी चुनाव की तैयारी नहीं करती है, हम देश की सेवा करते हैं... हमें भरोसा है कि हम फिर से असम में जीतेंगे, पुडुचेरी में भी NDA की जीत की अच्छी संभावना है। तमिलनाडु में NDA की लहर है।
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने हाल ही में अपनी टीम के साथ चुनावी राज्यों का सघन दौरा पूरा कर लिया है। इस दौरान उन्होंने पश्चिम बंगाल, असम, तमिलनाडु, केरल और पुडुचेरी में चुनाव की जमीनी तैयारियों का जायजा लिया था।
चुनाव आयोग आज चुनावी राज्यों के लिए चुनाव कार्यक्रम की घोषणा कर सकता है। इस पर बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने कहा कि अगर घोषणा होने जा रही है तो यह अच्छी बात है। तारीखों की घोषणा के बाद हम आईपीएल का पूरा कार्यक्रम जारी कर पाएंगे।
चुनाव आयोग आज पांच चुनावी राज्यों में चुनाव कार्यक्रम की घोषणा कर सकता है। इस पर बीजेपी सांसद कमलेश पासवान ने कहा कि बीजेपी हमेशा चुनावों के लिए तैयार रहती है। हमारे कार्यकर्ता जमीन पर सक्रिय हैं। चुनाव बीजेपी के पक्ष में होंगे।
आज चुनाव आयोग पश्चिम बंगाल, असम, तमिलनाडु, केरल और केंद्रशासित प्रदेश पुडुचेरी में होने वाले चुनाव का शेड्यूल जारी कर सकता है।