एलॉन मस्क ने गुरुवार को X पर एक ऐसा पोस्ट डाल दिया जिसने अमेरिका की राजनीति में हलचल मचा दी। लेकिन, अब उन्होंने अपने पोस्ट को डिलीट कर फिर से लोगों के मन में सवाल पैदा कर दिए हैं।
पोस्ट में एलॉन मस्क ने क्या कहा था?
शुरू करते हैं, उनके एक्स पोस्ट से। उन्होंने गुरुवार को एक पोस्ट शेयर कर लिखा, "डोनाल्ड ट्रंप एपस्टीन फाइल्स में हैं। यही असली वजह है कि ये फाइल्स अब तक सार्वजनिक नहीं हुईं। हैप्पी डे, DJT!"
इसके बाद मस्क ने एक और पोस्ट किया जिसमें उन्होंने अपने फॉलोअर्स से कहा, "इस पोस्ट को सेव करके रखो, एक दिन सच सामने आएगा।" लेकिन ये दोनों पोस्ट कुछ घंटों बाद डिलीट कर दिए गए। किसी ने नहीं सोचा था कि इतनी जल्दी मस्क बैकफुट पर आ जाएंगे।
ट्रंप से पुरानी तनातनी का अगला पड़ाव
ये विवाद मस्क और ट्रंप के बीच चल रही पुरानी लड़ाई का नया पड़ाव था। मस्क, ट्रंप के 'Big Beautiful Bill' नाम के एक बिल के खिलाफ हैं, जिसे उन्होंने 'गंदा और जल्दबाजी में पास किया गया कानून' बताया है। मस्क का आरोप है कि इस बिल से टेस्ला जैसी कंपनियों को नुकसान हुआ है।
जब ट्रंप से इस बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, "मस्क नाराज हैं क्योंकि हमने EV सब्सिडी कम कर दी। मैं समझ सकता हूं।" इसके जवाब में मस्क ने ट्वीट किया, "मेरे बिना ट्रंप चुनाव हार गए होते। डेमोक्रेट्स हाउस पर काबिज होते।"
क्या यह सुलह की तरफ इशारा है?
मस्क ने अब तक यह नहीं बताया कि उन्होंने अपना विवादास्पद ट्वीट क्यों हटाया। लेकिन राजनीतिक हलकों में इसे नुकसान कंट्रोल करने की कोशिश माना जा रहा है, ताकि मामला और न बिगड़े। कुछ लोगों ने इसे तनाव कम करने का संकेत माना है। मशहूर निवेशक बिल एकमैन ने मस्क से ट्रंप से सुलह करने की अपील की, जिस पर मस्क ने बस इतना कहा, “आप गलत नहीं हैं।”
गौरतलब है कि ट्रंप का नाम एपस्टीन केस से जुड़े कुछ दस्तावेजों जैसे फ्लाइट लॉग और कॉन्टैक्ट बुक्स में आ चुका है, लेकिन उन पर कोई कानूनी आरोप नहीं लगे हैं।