Bill Gates controversy: अमेरिकी जस्टिस डिपार्टमेंट ने शुक्रवार को जेफरी एप्स्टीन के 3.5 मिलियन पेज के दस्तावेज जारी किए। इनमें माइक्रोसॉफ्ट के सह-संस्थापक बिल गेट्स का नाम फिर से विवादों में आ गया है। कुख्यात सेक्स अपराधी एप्स्टीन के ईमेल ड्राफ्ट्स में एक्स्ट्रा-मैरिटल अफेयर्स, सेक्शुअली ट्रांसमिटेड डिजीज (STD) और एंटीबायोटिक्स से जुड़े चौंकाने वाले दावे हैं। कम से कम सात ड्राफ्ट 17-18 जुलाई 2013 के हैं।
बिल गेट्स पर STD दवा मंगवाने का आरोप
दस्तावेजों के एक ड्राफ्ट में जेफ्री एप्स्टीन ने दावा किया कि बिल गेट्स ने अपने साइंस एडवाइजर बोरिस निकोलिक से यौन रोग (STD) की दवा मांगी थी। एप्स्टीन ने लिखा कि ये दवा कथित तौर पर 'रूसी लड़कियों के साथ संबंध' के बाद की वजह से मांगी गई थी। न्यूयॉर्क पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, ये आरोप निकोलिक के नाम से किए गए लगते हैं। उस समय निकोलिक बिल एंड मेलिंडा गेट्स फाउंडेशन छोड़ने की तैयारी कर रहे थे।
‘मैं माफी मांगता हूं…’
18 जुलाई 2013 के एक ड्राफ्ट ईमेल में जेफ्री एप्स्टीन ने बोरिस निकोलिक के नाम से लिखा कि पिछले कुछ हफ्तों से मैं बिल और मेलिंडा के बीच गंभीर वैवाहिक विवाद में उलझा हुआ हूं। उनके दाहिने हाथ के तौर पर मैंने कई बार ऐसी चीजों में हामी भर दी, जो नैतिक रूप से गलत थीं और कुछ तो गैर-कानूनी सीमा तक जा सकती थीं।बिल गेट्स के लिए रूसी लड़कियों के साथ संबंधों के बाद दवाइयां दिलाना, शादीशुदा महिलाओं के साथ उनकी अवैध मुलाकातें अरेंज करना और ब्रिज टूर्नामेंट के लिए एडरॉल उपलब्ध कराना, ये सब मेरी गलती रही है। मैं अपने दोस्तों और सहयोगियों से इस नैतिक चूक के लिए माफी मांगता हूं।
बिल गेट्स के प्रवक्ता ने आरोपों के बेतुका बताया
हालांकि बिल गेट्स के प्रवक्ता ने इन आरोपों को बार-बार पूरी तरह झूठा और बेतुका बताया है। प्रवक्ता ने कहा कि ये दस्तावेज केवल एप्स्टीन की निराशा को दिखा रहे हैं।गेट्स ने पहले भी कहा है कि उनका एप्स्टीन से जुड़ाव केवल परोपकारी प्रयासों तक सीमित था। बता दें कि वॉल स्ट्रीट जर्नल की एक पुरानी रिपोर्ट के अनुसार, एप्स्टीन ने 2017 में गेट्स के कथित अफेयर को उजागर करने की धमकी दी थी। ये धमकी कथित तौर पर इसलिए दी गई थी क्योंकि गेट्स ने एप्स्टीन के चैरिटेबल फंड में शामिल होने से इनकार कर दिया था।