
मुंबई: बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र दक्षिणी मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती हैं और निरंतर निगरानी में हैं। धमेंद्र की बेटी ईशा देओल ने मंगलवार (11 नवंबर) को इंस्टाग्राम पर सुबह 9 बजे एक पोस्ट शेयर कर इस खबर की पुष्टि की और फैंस व शुभचिंतकों से अभिनेता के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करने की अपील की। उन्होंने अपने पोस्ट के जरिये पिता के निधन की खबरों का भी खंडन किया।
एक्ट्रेस ने अपने पोस्ट में लिखा, "ऐसा लगता है कि मीडिया अति उत्साह में है और झूठी खबरें फैला रहा है। मेरे पिता की हालत स्थिर है और वे ठीक हो रहे हैं। हम सभी से हमारे परिवार को गोपनीयता देने का अनुरोध करते हैं। पापा के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थनाओं के लिए धन्यवाद।" ईशा ने सोशल मीडिया पर अपने पोस्ट में प्रशंसकों और फिल्म जगत द्वारा व्यक्त की गयी अपार चिंता के लिए आभार व्यक्त किया।
इस बीच मीडिया में चल रही अटकलों को खारिज करते हुए धर्मेंद्र के बेटे सनी देओल ने भी सोमवार को अपने प्रतिनिधि के जरिये एक बयान जारी कर उन खबरों का खंडन किया था जिनमें कहा गया था कि उनके पिता को वेंटिलेटर पर रखा गया है।
सनी देओल की जनसंपर्क टीम की ओर से जारी आधिकारिक स्पष्टीकरण के अनुसार धर्मेंद्र की हालत स्थिर बनी हुई है और वह अभी भी सावधानीपूर्वक चिकित्सकीय निगरानी में हैं। बयान में प्रशंसकों से अनुरोध किया गया है कि वे इस कठिन समय में परिवार की निजता का सम्मान करते हुए उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करते रहें। देश भर के प्रशंसकों ने सोशल मीडिया पर दिग्गज अभिनेता के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए संदेश भेजे हैं।
Oops! Looks like you have exceeded the limit to bookmark the image. Remove some to bookmark this image.