Fake Traffic challan Scam alert: इन दिनों साइबर ठग लोगों को ठगने के लिए नए-नए तरीके अपना रहे हैं। कभी बैंक से जुड़ा फिशिंग मैसेज, तो कभी फर्जी ई-चालान का डर दिखाने वाला SMS। हाल ही में सोशल मीडिया पर वायरल हुए कुछ पोस्ट्स ने इस नए स्कैम की तरफ लोगों का ध्यान खींचा है।
यूजर ने साझा किया अनुभव
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक यूजर ने अपने अनुभव को शेयर करते हुए बताया कि वह एक बड़े ऑनलाइन फ्रॉड का शिकार होने से बाल-बाल बच गया। उसने लिखा, "कौन कहता है कि भारतीय इनोवेटिव नहीं हैं? इस ठगी का लेवल देखो, मैं तो लगभग अपने कार्ड की डिटेल डाल ही देता, फिर डोमेन गूगल किया तो समझ आया। सोचो कितने लोग इस जाल में फंस रहे होंगे, कितना बड़ा फ्रॉड चल रहा होगा। जब तक पुलिस हरकत में आएगी, ये लोग करोड़ों बना चुके होंगे! बहुत ही खतरनाक।"
फर्जी चालान का स्क्रीनशॉट
यूजर ने अपने पोस्ट के साथ कुछ स्क्रीनशॉट भी शेयर किए। इनमें साफ दिख रहा था कि उसे एक SMS मिला था, जिसमें कहा गया था कि उसकी गाड़ी तेज रफ्तार में चलने के दौरान ट्रैफिक कैमरे में कैद हो गई है। मैसेज में चालान भरने के लिए एक लिंक दिया गया था और ट्रैफिक नियमों का पालन करने की सलाह भी लिखी थी, ताकि मैसेज असली लगे।
Airtel की चेतावनी
इसी पोस्ट के नीचे एक और यूजर ने Airtel का एक वार्निंग मैसेज शेयर किया, जिसमें “Airtel Warning: SPAM” लिखा था। इसके बाद वही ट्रैफिक चालान वाला मैसेज और लिंक दिया गया था।
खतरा कितना बड़ा?
हालांकि यह यूजर समय रहते सतर्क हो गया, लेकिन ऐसे मैसेज कई लोगों को डरा सकते हैं। अचानक चालान का मैसेज आने पर लोग घबरा जाते हैं और बिना सोचे-समझे लिंक पर क्लिक कर देते हैं। कई मामलों में जैसे ही लिंक खुलता है, साइबर ठग बैंक डिटेल्स और OTP हासिल कर लेते हैं और अकाउंट से पैसा साफ हो जाता है।
साइबर पुलिस पहले भी दे चुकी है चेतावनी
पुलिस और साइबर सुरक्षा विशेषज्ञ पहले ही बता चुके हैं कि इस तरह के मैसेज फिशिंग स्कैम होते हैं। इनका मकसद लोगों को डराकर उनकी बैंकिंग जानकारी चुराना होता है। मैसेज को जानबूझकर असली ई-चालान जैसा बनाया जाता है ताकि लोग आसानी से भरोसा कर लें।
कैसे बचें ऐसे फर्जी ई-चालान स्कैम से
असली ट्रैफिक चालान की जानकारी सिर्फ सरकारी पोर्टल या आधिकारिक ऐप पर ही मिलती है। किसी भी अनजान SMS या लिंक पर क्लिक न करें। अगर चालान की जानकारी देखनी हो, तो सीधे परिवहन विभाग या ट्रैफिक पुलिस की वेबसाइट पर जाकर चेक करें। संदिग्ध मैसेज मिलने पर तुरंत साइबर क्राइम हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराएं।
डिजिटल दुनिया में एक छोटी सी लापरवाही बड़ा नुकसान करा सकती है। इसलिए किसी भी चालान या भुगतान से जुड़े मैसेज पर आंख बंद करके भरोसा न करें। थोड़ा सा सतर्क रहकर आप खुद को बड़े साइबर फ्रॉड से बचा सकते हैं।