FDA Suspension Legal Options: अगर आप भी Blinkit, Zepto और Swiggy Instamart से रोजाना सामान मंगवा रहे हैं, तो ये खबर आपके लिए है। दरअसल महाराष्ट्र में इन तीनों कंपनियों से जुड़े 12 आउटलेट का परमिट सस्पेंड कर दिया है। FDA को जांच के दौरान कॉकरोच, खराब सब्जियां, चूहों की बीट जैसी चीजें मिली। इसके बाद FDA ने एक्शन लेते हुए इनका परमिट सस्पेंड कर दिया है। अगर कभी किसी गलती की वजह से FDA आपके दुकान का लाइसेंस सस्पेंड करती है, तो आपके पास कौन से ऑप्शन बचेंगे? आइए जानते हैं।
फूड सेफ्टी अधिकारी आमतौर पर सरप्राइज इंस्पेक्शन के दौरान दुकान का जायजा लेते हैं। अगर वहां एक्सपायर्ड सामान मिले, साफ-सफाई का स्तर मानकों से नीचे हो, कीड़े-मकोड़े दिखें, तो वो तुरंत कारण बताओ नोटिस जारी करते हैं। उसके बाद दुकान का लाइसेंस सस्पेंड होता है।
नोट- लाइसेंस के सस्पेंड होने का मतलब ये नहीं कि दुकान हमेशा के लिए बंद कर दी गई है। इसका मतलब है कि दुकान को अस्थाई तौर पर बंद किया गया है। हालांकि चीजों को ठीक करने के बाद दुकान खोलने की परमिशन मिल सकती है।
हालांकि, दुकान का लाइसेंस सस्पेंड होने से पहले FDA एक नोटिस जारी करती है। सबसे पहले आपको नोटिस मिलते ही तय समय के अंदर उसका जवाब दें। इस दौरान आप अपने दुकान की सफाई करवाएं और उसको FDA के मानकों के अनुसार सेट करें। नोटिस का जवाब देते हुए आपको बताना है कि आपने सुधार के लिए क्या कदम उठाया है? कई मामलों में FDA नोटिस का जवाब और सुधार को देखकर लाइसेंस रद्द करने को कैंसिल कर देता है।
दुकान में सुधार के लिए क्या कदम उठाए?
अगर कमी स्टॉफ में है, तो उन्हें पूरी ट्रेनिंग दें। इसके अलावा पेस्ट कंट्रोल कराएं, एक्सपायर्ड स्टॉक हटाएं, जरूरी सर्टिफिकेट अपडेट कराएं और इसका सबूत (फोटो, बिल, सर्टिफिकेट) संबंधित अधिकारी को सौंपें। अगर अधिकारी को चीजें ठीक लगेंगी, तो आपके दुकान का सस्पेंशन हट जाएगा।
इसके अलावा आपको लगता है कि आपके ऊपर गलत कार्रवाई हुई है, तो आप फूड सेफ्टी कमिश्नर के सामने अपील दायर कर सकते हैं। इसके बाद भी अगर आपको राहत नहीं मिलती है, तो आप कोर्ट का रास्ता भी अपना सकते हैं।