FIFA World Cup 2026 Final Argentina vs Spain Live: साल 2026 फीफा वर्ल्ड कप के खिताबी मुकाबले में इस बार दो दिग्गज फुटबॉल संस्कृतियां आमने-सामने हैं। डिफेंडिंग चैंपियन अर्जेंटीना और पूर्व चैंपियन स्पेन के बीच होने वाला यह फाइनल मुकाबला कई मायनों में ऐतिहासिक है। पुरुषों के अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल इतिहास में यह पहला मौका है जब यूरोप और साउथ अमेरिका के मौजूदा चैंपियन विश्व कप के सबसे बड़े मंच पर एक-दूसरे को चुनौती देंगे। एक तरफ, अर्जेन्टीना की टीम इस महामुकाबले को जीतकर एक ऐसा रिकॉर्ड बनाना चाहती है जो आज तक कोई देश नहीं कर सका।
अर्जेंटीना रचेगा इतिहास या स्पेन तोड़ेगा वर्ल्ड रिकॉर्ड?
अगर, अर्जेंटीना यह फाइनल जीत जाता है, तो वह लगातार चार बड़े अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट (कोपा अमेरिका 2021, विश्व कप 2022, कोपा अमेरिका 2024 और विश्व कप 2026) जीतने वाला दुनिया का पहला देश बन जाएगा। वहीं दूसरी ओर, यूरो 2024 विजेता स्पेन की नजरें 16 साल बाद अपने दूसरे विश्व कप खिताब पर टिकी हैं। स्पेनिश टीम मार्च 2024 से लगातार 37 मैचों से अजेय है। रविवार को मिलने वाली एक और जीत उन्हें अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल इतिहास में सबसे लंबे समय तक अजेय रहने वाली टीम बना देगी।
टॉम क्रूज से लेकर BTS तक देंगे अपनी परफॉर्मेंस
यह खिताबी मैच मनोरंजन के लिहाज से भी सदी का सबसे बड़ा इवेंट बनाया जा रहा है। खेल शुरू होने से 90 मिनट पहले एक भव्य प्री-मैच क्लोजिंग सेरेमनी का आयोजन होगा, जिसमें हॉलीवुड सुपरस्टार टॉम क्रूज, इंटरनेट सेंसेशन आईशोस्पीड और पॉप स्टार पोस्ट मलोन जैसे दिग्गज अपनी प्रस्तुति देंगे। इसके अलावा, फर्स्ट हाफ के खत्म होने के बाद एक शानदार हाफटाइम शो भी होगा। इस शो में फेमस रॉक बैंड कोल्डप्ले के क्रिस मार्टिन, पॉप स्टार जस्टिन बीबर, मडोना, शकीरा और साउथ कोरियन बॉयबैंड बीटीएस (BTS) अपने प्रदर्शन से स्टेडियम में समां बांधेंगे।
भारत में कब, कहां और कैसे फ्री में देखें लाइव मैच
बता दें कि यह ब्लॉकबस्टर मुकाबला न्यूयॉर्क के मेटलाइफ स्टेडियम में खेला जाएगा। भारतीय फुटबॉल प्रशंसकों के लिए समय की बात करें, तो यह मैच सोमवार तड़के 12:30 बजे (IST) शुरू होगा। मैदान पर नियमों को बनाए रखने की जिम्मेदारी स्लोवेनिया के अनुभवी रेफरी स्लावको विंचिक को सौंपी गई है। मैच के खत्म होने पर विजेताओं को फीफा वर्ल्ड कप ट्रॉफी खुद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प सौपेंगे।
भारतीय दर्शक इस मैच का लाइव टेलीकॉस्ट टीवी चैनलों Unite8 Sports 1, Unite8 Sports 1 HD, Unite8 Sports 2 और Unite8 Sports 2 HD पर देख सकते हैं। वहीं, फ्री में देखने वाले दर्शक दूरदर्शन स्पोर्ट्स पर इस मुकाबले का आनंद ले सकते हैं। डिजिटल प्लेटफॉर्म पर मैच की लाइव स्ट्रीमिंग ZEE5 ऐप और वेबसाइट पर अंग्रेजी, हिंदी, बांग्ला और मलयालम भाषाओं में उपलब्ध रहेगी।