Rohit Shetty Firing Incident: फिल्म डायरेक्टर रोहित शेट्टी के घर के बाहर फायरिंग हुई है। अज्ञात हमलावरों ने एक के बाद एक, कुल चार गोलियां दागी हैं। रोहित शेट्टी का घर देश की आर्थिक राजधानी मुंबई के जुहू में स्थित है। हमलावरों ने किस मकसद से फायरिंग की है, इसका कोई अंदाजा अभी तक नहीं है।
रोहित शेट्टी के घर के बाहर फायरिंग की घटना की जांच में जुटी पुलिस
रोहित शेट्टी के घर फायरिंग की घटना सामने आते ही मुंबई पुलिस और फोरेंसिक की टीमें सबूत जुटाने उनके घर पहुंचीं। फिलहाल, शेट्टी के घर के बाहर कड़ी सुरक्षा के इंतजाम कर दिए गए हैं। पुलिस घटना की गंभीरता से जांच कर हमलावरों का पता लगाने में जुट गई है।
आधिकारिक बयान की प्रतीक्षा
अच्छी बात यह है कि घटना में किसी को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है। रोहित शेट्टी या उनके परिवार की तरफ से कोई बयान भी जारी नहीं किया गया है। मुंबई पुलिस अपने आधिकारिक बयान में क्या बताती है, यह भी देखना होगा।
रोहित शेट्टी के नाम कई शानदार फिल्में
रोहित शेट्टी कई दमदार फिल्मों में डायरेक्शन दे चुके हैं। उन्होंने गोलमाल और सिंघम जैसी लोकप्रिय फिल्में दी हैं। शाहरूख खान की हिट फिल्म चेन्नई एक्सप्रेस को भी रोहित शेट्टी ने ही डायरेक्ट किया है।
लॉरेंस बिश्नोई ने दे रखी है धमकी
ध्यान रहे कि लॉरेंस बिश्नोई गैंग के शूटरों ने पिछले वर्ष अगस्त में मशहूर कमीडियन कपिल शर्मा के कनाडा के सरे स्थित कैफे के बाहर गोलियां चलाई थीं। उसी वक्त गैंग ने मुंबई का माहौल खराब करने की धमकी दी थी। लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने यह भी ऐलान कर रखा है कि जो कोई भी सलमान खान के साथ काम करेगा, मारा जाएगा। लॉरेंस बिश्नोई सलमान खान से तब से चिढ़ा है जब उन पर काले हिरण का शिकार करने का आरोप लगा। बिश्नोई समाज प्रकृत्तिपूजक है और काले हिरण के उसका खास लगाव है।